रामनगर बाराबंकी: हमारा प्रयास है कि 15 जून तक सभी परियोजनाएं पूर्ण हो जाए। इसके लिए लगातार कर्मचारी प्रयासरत है। पिछली बार के मौसम को देखते हुए इस बार मानसून से पहले अधिकारियों को तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।
उक्त निर्देश जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने शनिवार को तहसील रामनगर के बेलहरी और कुसौरा में चल रही बाढ़ परियोजनाओं के स्थलीय निरीक्षण करते समय मौजूद अधिकारियों को दिए। असल में जिले के संभावित बाढ़ इलाकों में चल रही बाढ़ खण्ड की परियोजनाओं का जलशक्ति मंत्री स्थलीय निरीक्षण करने पहुंचे थे। इस दौरान वह रामनगर तहसील के बेलहरी और कुसौरा गांव के निकट हो रहे बाढ़ कटान को रोकने के कार्य देखने पहुंचे। कुसौरा चहलारीघाट एवं गनेशपुर तटबंध में कटान बचाव की परियोजना का काम जारी है यहां पर उन्होंने बाढ़खंड के एक्सईएन शशिकान्त सिंह से परियोजनाओं की जानकारी ली। मंत्री ने संभावित बाढ़ की दृष्टिगत हुए राहत व बचाव कार्यों से जुड़े हुए विभागीय अधिकारियों को निर्देशित कर कहा कि अपनी-अपनी कार्य योजनाएं विगत वर्षो में आई हुई विकराल बाढ़ के अनुभव के आधार पर तैयार कर लें। ताकि जिले में अचानक बाढ़ आ जाए तो कोई दिक्कत न हो। तत्काल पीड़ितों को राहत व सहायता प्रदान की जा सके। उन्होंने कहा कि संबंधित विभाग के अधिकारी अपने गांव में निरंतर दौरा करके, गांव वालों से सीधा संवाद स्थापित करें। उनके द्वारा दिए गए सुझाव के आधार से राहत व बचाव कार्य की तैयारी करें। सभी बाढ़ चौकियों पर स्वास्थ्य टीम अपनी व्यवस्था के साथ-साथ बरसात के दिनों में होने वाली संक्रामक बीमारियों से बचाव पर कार्य करते रहे। जलशक्ति मंत्री ने धारा मोड़ने के लिए लगाएं जा रहे जियो बैग को देखा और समस्त कार्यो को समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए। एक्सीएन ने बताया कि इसके लगने से तटबंध क्षतिग्रस्त नहीं होगा और नदी की धारा भी मोड़ी जा सकेगी।
बाढ़ जैसी प्रकृति आपदा के दुष्प्रभावों को न्यूनतम् करने के लिए जल शक्ति विभाग प्रतिबद्ध : स्वतंत्र देव सिंह
इन परियोजनाओं का किया निरीक्षण
उत्तर प्रदेश के जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने शनिवार को तहसील रामनगर के अन्तर्गत ग्राम बबुरी, केदारीपुर, बेलहरी, कुसौरा, करमुल्लापुर आदि में सरयू (घाघरा) नदी के दायें तट पर स्थित चहलारीघाट गनेशपुर तटबंध पर चल रहे बाढ़ सुरक्षात्मक कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया।
इस अवसर पर सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग के अधिकारीगण स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीणजन भी उपस्थित रहे। जलशक्ति मंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आगामी वर्षा ऋतु से पूर्व सभी कार्य प्रत्येक दशा में पूर्ण कर लिये जाये तथा जिन कार्यों में प्रगति धीमी है उसे विशेष ध्यान देकर निर्माण कार्यों में तेजी लायी जाये तथा सुरक्षित स्तर तक प्रत्येक दशा में पूर्ण कर लिया जाये।जल शक्ति मंत्री ने कहा कि चहलारीघाट गनेशपुर तटबंध जिसकी कुल लम्बाई 54.600 किमी0 है जिसमें से जनपद सीतापुर में कुल 33.500 किमी० क्षेत्र एवं 21.100 किमी० बाराबंकी का क्षेत्र बाढ़ से सुरक्षित हुआ है। इस तटबंध के बनने से आस-पास के क्षेत्र में बाढ़ का फैलाव सीमित हुआ है।स्वतंत्र देव सिंह ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्य में किसी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही सहन नहीं की जायेगी। कार्य को गुणवत्ता पूर्वक समयबद्ध सीमा में पूर्ण कराया जाये।
निरीक्षण के दौरान स्वतंत्र देव ने कहा कि सरकार के द्वारा बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा हेतु स्थायी एवं दीर्घकालीन समाधान के लिए दृढ़ संकल्प है। इस दिशा में विभाग के अधिकारियों को नवीनतम् तकनीकों का प्रयोग करते हुए योजना बनाने के निर्देश दिये। आपदा से सम्बन्धित सूचनाएं समय रहते सरकार द्वारा विकसित एप के माध्यम से सूचनाएं प्राप्त होती है। सिंचाई विभाग भी नेपाल राष्ट्र से आने वाली बाढ़ की सूचनाओं का प्रेषण करता है। विभाग इन सूचनाओं को, कितना पानी डिस्चार्ज हुआ, पानी का गेज कितना रहेगा इसकी सूचना प्रत्येक पंचायत को व्हाट्सएप ग्रुप बनाकर प्रेषित करें। बाराबंकी में हेतमापुर के पास बबुरी, केदारीपुर एवं बेलहरी में चल रहे कार्य से उपस्थित ग्रामीणों द्वारा संस्तुति व्यक्त की गयी। मा0 मंत्री जी ने ग्राम कुसौरा में चल रहे स्पर निर्माण कार्यों में प्रगति लाते हुए समय से पूर्ण करने के निर्देश दिये। प्रदेश सरकार हर स्थिति में जनता की सुरक्षा के लिए समर्पित है। बाढ़ जैसी प्रकृति आपदा के दुष्प्रभावों को न्यूनतम् करने के लिए जल शक्ति विभाग प्रतिबद्ध है।
लोधेश्वर महादेव की किया पूजा अर्चना
बाढ़ क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण करने आए प्रदेश के जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने लोधेश्वर महादेवा मन्दिर में पूजा अर्चना कर विश्व कल्याण की कामना की। इस दौरान उन्होंने प्रस्तावित कॉरिडोर के संबंध में अधिकारियों से जानकारी ली।निरीक्षण के दौरान, पूर्व विधायक रामनगर शरद अवस्थी, जिला पंचायत अध्यक्षा राजरानी रावत, डॉ विवेक सिंह वर्मा, उपजिलाधिकारी रामनगर विवेक शील यादव, अधिशासी अभियंता बाढ खंड शशिकांत सिंह सहित सभी सम्बंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।