लखनऊ। प्रदेश में सोमवार से मौसमी बदलाव दस्तक देने जा रहा है। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक 19 से 22 फरवरी तक प्रदेश में ये बदलाव जारी रह सकता है। पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता मौसम में इन बदलावों का कारण बनेगी।
वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक सोमवार को पूर्वी उत्तर प्रदेश में कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में एक या दो स्थानों पर 30 से 40 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से हवा चलने के आसार हैं। मौसम विभाग ने अगले चार दिनों के लिए प्रदेश के कई इलाकों को अलर्ट पर रखा है। आगरा, अलीगढ़, अमरोहा, बदायूं, बागपत, बरेली, बिजनौर, बुलंदशहर, एटा, फिरोजाबाद, गौतमबुद्धनगर, गाजियाबाद, हापुड़, हाथरस, कासगंज, मैनपुरी, मथुरा, मेरठ, मुरादाबाद, मुजफ्फरनगर, रामपुर, सहारनपुर, संभल, शामली व आसपास के इलाकों में तेज झोंकेदार हवाओं के अलावा बादल- बिजली का असर दिख सकता है।