बलिया–रसड़ा क्षेत्र की जनता की मांग: बेगमपुरा एक्सप्रेस को वाया मऊ–रसड़ा चलाने की अपील
संवाददाता उमाकांत विश्वकर्मा
बलिया/रसड़ा: वाराणसी से जम्मूतवी माता वैष्णोदेवी तक प्रतिदिन चलने वाली 12237/12238 बेगमपुरा एक्सप्रेस को उत्तर रेलवे प्रशासन द्वारा मार्ग विस्तार के तहत बलिया से वाया गाजीपुर से संचालित करने की घोषणा की गई है। इसे 14 अक्टूबर 2025 से लागू किया गया है और गाड़ी को उत्तर रेलवे से पूर्वोत्तर रेलवे डिवीजन में स्थानांतरित करने की प्रक्रिया 24 नवंबर 2025 तक पूरी होगी। इसके बाद यह गाड़ी नए नंबर 22531/22532 से संचालित होगी।
रसड़ा क्षेत्र वासियों और माता के श्रद्धालुओं की लंबे समय से यह मांग रही थी कि माता वैष्णोदेवी यात्रा की सुविधा हेतु एक ट्रेन बलिया–रसड़ा–मऊ रूट पर भी चलायी जाए, ताकि रसड़ा क्षेत्र के लोग सीधे जम्मूतवी तक यात्रा कर सकें।
इस संबंध में रसड़ा क्षेत्र के निवासी विश्वजीत जायसवाल ने राज्यसभा सांसद नीरज शेखर से आग्रह किया है कि वह इस मामले पर गंभीरता से विचार करें और सप्ताह में कम से कम तीन दिन इस गाड़ी को वाया मऊ–रसड़ा मार्ग से संचालित कराने की व्यवस्था सुनिश्चित करें।
विश्वजीत जायसवाल ने कहा कि इस सुविधा से न केवल यात्रियों को सीधे यात्रा का लाभ मिलेगा, बल्कि क्षेत्र के आर्थिक एवं सामाजिक विकास में भी मदद मिलेगी। उन्होंने आशा जताई कि सांसद महोदय इस मांग पर शीघ्र कार्रवाई करेंगे।




