टिकैतनगर, बाराबंकी: कच्ची दीवार गिरने से एक आठ वर्ष के बच्चे की मलबे में दबकर मौत हो गई। तीन लोग घायल हुए हैं। सभी घायलों को सीएचसी में भर्ती में कराया गया है। यहां पर एक महिला की हालत गंभीर बनी हुई है।रविवार को चौकी बारिनबाग के रानीमऊ गांव में सतीश सोनी अपने परिवार के साथ कच्ची दीवार के बगल छप्पर के नीचे बैठे थे। वहीं, पर पड़ोस के राजभवन का 8 वर्षीय पुत्र प्रिंस भी खेल रहा था। दोपहर में लगभग तीन बजे अचानक कच्ची दीवार और उस पर रखा छप्पर भरभराकर ढह गया। दीवार गिरने से मलबे में सतीश सोनी, पत्नी शांति, पुत्री रीना, पड़ोस के राजभवन का पुत्र प्रिंस दब गए।
मलबे के नीचे दबने से हुई मौत
घटना के बाद अफरा तफरी मच गई। लोग मौके पर पहुंचे और मलबा हटाकर सभी को बाहर निकाला। गंभीर रूप से घायलों को एंबुलेंस से सीएचसी पहुंचाया गया। यहां पर चिकित्सकों ने प्रिंस को मृत घोषित कर दिया।सीएचसी पर ही सभी घायलों का इलाज चल रहा है, लेकिन सतीश की पत्नी शांति की हालत गंभीर बनी हुई है। चौकी इंचार्ज संजय कुमार सिंह ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। तहसीलदार महिमा मिश्रा कहना है कि दीवार गिरने से एक व्यक्ति की मौत हुई है। लेखपाल व कानूनगो को जांच के लिए भेजा गया है।