संवाददाता मोनू भारती
मोहम्मदाबाद गोहना मऊ
मुहम्मदाबाद गोहना (मऊ)। मिशन शक्ति फेस-5 के द्वितीय चरण के अंतर्गत इदारतगंज में आयोजित प्रदर्शनी के दौरान थाना मुहम्मदाबाद गोहना पुलिस द्वारा महिलाओं एवं बच्चों को जागरूक किया गया। इस अवसर पर उपस्थित लोगों को महिला सुरक्षा, सशक्तिकरण एवं उनके अधिकारों के प्रति विस्तार से जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस टीम ने महिलाओं और बच्चों को विभिन्न आवश्यक हेल्पलाइन नंबरों के बारे में अवगत कराया, जिनमें 1090 (महिला हेल्पलाइन), 112 (आपातकालीन सेवा), 181 (महिला सहायता हेल्पलाइन) सहित अन्य महत्वपूर्ण नंबर शामिल रहे। साथ ही, किसी भी प्रकार की परेशानी या अपराध की स्थिति में तत्काल सहायता लेने के लिए इन नंबरों का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मिशन शक्ति अभियान का मुख्य उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को आत्मनिर्भर, सुरक्षित और जागरूक बनाना है। इस तरह के कार्यक्रमों के माध्यम से समाज में सुरक्षा एवं सम्मान का वातावरण तैयार किया जा रहा है।
इस दौरान बड़ी संख्या में महिलाएं, बच्चे एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे और कार्यक्रम की सराहना की।




