संवाददाता वसीम खान / मोनू भारती
मुहम्मदाबाद गोहना मऊ
मुहम्मदाबाद गोहना (मऊ)। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा चलाए जा रहे मिशन शक्ति फेस-5 के द्वितीय चरण के अंतर्गत थाना मुहम्मदाबाद गोहना पुलिस द्वारा इदारतगंज (जमालपुर) में आयोजित प्रदर्शनी में पहुंचे महिलाओं और बच्चों को जागरूक किया गया। इस दौरान महिला सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में मौजूद पुलिस टीम ने महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करते हुए बताया कि किसी भी प्रकार की परेशानी, उत्पीड़न या आपात स्थिति में घबराने की जरूरत नहीं है, बल्कि तुरंत हेल्पलाइन नंबरों का उपयोग करना चाहिए। उपस्थित लोगों को 1090 (महिला हेल्पलाइन), 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन), 112 (आपातकालीन सेवा), 181 (महिला सहायता) जैसे महत्वपूर्ण नंबरों की जानकारी दी गई और इनके उपयोग के बारे में समझाया गया।
इस दौरान बालिकाओं को आत्मरक्षा के प्रति प्रेरित किया गया तथा अभिभावकों से अपील की गई कि वे बच्चों को सुरक्षा और जागरूकता के प्रति सजग रखें। पुलिसकर्मियों ने कहा कि मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य महिलाओं को सुरक्षित वातावरण प्रदान करना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाएं, किशोरियां एवं बच्चे उपस्थित रहे, जिन्होंने जागरूकता कार्यक्रम में रुचि लेकर भाग लिया। थाना मुहम्मदाबाद गोहना पुलिस द्वारा इस तरह के कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जा रहे हैं, जिससे समाज में सुरक्षा और जागरूकता का संदेश पहुंचे




