1.80 करोड़ से वलीदपुर नगर पंचायत को मिलेगा अत्याधुनिक कार्यालय भवन

PRESS RELEASE

संवाददाता : मोनू भारती
मुहम्मदाबाद गोहना मऊ। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा मुहम्मदाबाद गोहना क्षेत्र की वलीदपुर नगर पंचायत को जल्द ही अपना नया और स्वतंत्र कार्यालय भवन मिलने जा रहा है। लगभग 1.80 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह आधुनिक भवन वर्तमान में पानी की टंकी परिसर में संचालित अस्थायी कार्यालय का स्थान लेगा। नगर पंचायत के गठन के करीब 11 वर्ष बाद भी पर्याप्त स्थान और मूलभूत सुविधाओं के अभाव में कर्मचारियों और नागरिकों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। नया भवन मुख्यमंत्री वैश्विक नगरोदय योजना के अंतर्गत बनाया जाएगा, जिसका उद्देश्य शहरी निकायों को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित करना और आधारभूत संरचना को मजबूत करना है। इस योजना के तहत जलापूर्ति, सड़क, नाली और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन जैसे कार्यों के लिए वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई जाती है। प्रस्तावित भवन में नागरिकों के लिए प्रतीक्षालय (सिटिंग एरिया), बैठक कक्ष, कंप्यूटर कक्ष, मीटिंग हॉल तथा अधिकारियों के लिए अलग-अलग कार्यालय कक्ष बनाए जाएंगे। साथ ही परिसर में पार्किंग सुविधा और सीसी रोड का निर्माण भी कराया जाएगा, जिससे नागरिकों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी अर्जुन कुमार राजभर ने बताया कि वर्तमान में कार्यालय पानी की टंकी परिसर में संचालित हो रहा है और नया भवन भी उसी के समीप बनाया जाएगा। इससे नागरिकों को सेवाएं प्राप्त करने में आसानी होगी और प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता व गति आएगी। निर्माण कार्य के लिए टेंडर मार्च माह में जारी होने की संभावना है, जबकि भवन निर्माण में लगभग एक वर्ष का समय लग सकता है। नगरवासियों को उम्मीद है कि नए भवन के बनने से विकास कार्यों में तेजी आएगी और प्रशासनिक व्यवस्था अधिक मजबूत और व्यवस्थित हो सकेगी।