राजस्थान राज्य सरकार की 2 साल की उपलब्धियों के प्रचार-प्रसार के लिए विधानसभा क्षेत्रों में पहुचेंगे विकास रथ

EXCLUSIVE

संवाददाता : जगदीश जोगसन 

बालोतरा, । राज्य सरकार के 2 वर्ष का कार्यकाल पूर्ण होने के उपलक्ष पर राज्य सरकार की उपलब्धियों, फ्लेगशिप योजनाओं, बजट घोषणाओं के व्यापक प्रचार- प्रसार के लिए राज्य के सभी विधानसभा क्षेत्रों में सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा विशेष रूप से तैयार कराए गए 200 रथों का संचालन किया जा रहा है। इसी क्रम में आज प्रभारी मंत्री श्री जोराराम कुमावत ने बायतु एवं सिवाना विधानसभा के लिए विकास रथों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। विकास रथों के माध्यम से अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों में राज्य सरकार की 2 वर्षों की उपलब्धियों, फ्लेगशिप योजनाओं, नीतिगत सुधारों की जानकारी ऑडियो-वीडियो के माध्यम से आमजन तक सहज और प्रभावी रूप से पहुंचाई जाएगी।
उन्होंने निर्देश दिए कि सभी विकास रथों की जन भागीदारी के साथ रूट चार्ट के अनुसार यात्रा सुनिश्चित की जाए। नोडल अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि विकास रथ की पहुंच विधानसभा क्षेत्रों के हर हिस्से तक सुनिश्चित हो। विकास रथों के साथ राज्य सरकार की विभागवार उपलब्धियों पर आधारित विकास पुस्तिकाओं सहित अन्य प्रचार सामग्री रहेगी। रथों के साथ एक सुझाव पेटिका भी रहेंगी जिसमें आमजन अपना फीडबैक और सुझाव दे सकते है।
इसके पश्चात प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। इस दौरान जिला प्रभारी मंत्री ने बताया कि भजनलाल सरकार के कुशल नेतृत्व में राज्य सरकार ने प्रदेश में चहुमुखी विकास किया है। शिक्षा, सड़क, विद्युत, रोजगार, उद्योग, चिकित्सा हर क्षेत्र में राज्य सरकार ने नई ऊंचाईयों को छुआ है। युवाओं को रोजगार के नवीन अवसर उपलब्ध करवाने के साथ साथ पेपरलिक जैसी घटनाओं पर प्रभावी कार्यवाही की है। राइजिंग राजस्थान से राजस्थान में नए निवेश को आकृषित किया है। प्रवासी राजस्थान कार्यक्रम आयोजित कर प्रवासी राजस्थानियों को निवेश के लिए प्रोत्साहित किया है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के संकल्प विकसित भारत की तर्ज पर विकसित राजस्थान के संकल्प को साकार करने को अग्रसर है। उन्होंने राज्य सरकार की उपलब्धियों को बताते हुए कहा कि जल्द ही रिफाइनरी का कार्य पूर्ण होने से बालोतरा जिले में युवाओं को रोजगार के नए अवसर उपलब्ध हो सकेंगे। राज्य सरकार प्रदेश के हर वर्ग के उत्थान को प्रतिबद्ध है।
इस अवसर पर उन्होंने राज्य सरकार के दो वर्ष की उपलब्धियों पर आधारित जिला विकास पुस्तिका का विमोचन किया। और उसे सराहा।
इस दौरान सिवाना विधायक हमीर सिंह भायल, पचपदरा विधायक डॉ. अरुण चौधरी, जिला कलक्टर श्री सुशील कुमार यादव, पुलिस अधीक्षक रमेश, भाजपा जिला अध्यक्ष भरत मोदी समेत जिला स्तरीय अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं पत्रकार साथी मौजूद रहे।