गाजीपुर जखनिया
Nk9 : सुरेश पाण्डेय
टीकाकरण केंद्र अचानक बंद, मरीजों को हुई भारी परेशानी
मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर दर्ज हुई शिकायत
जखनिया, गाज़ीपुर। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जखनिया में स्थित टीकाकरण केंद्र के अचानक बंद हो जाने से शनिवार को कई मरीजों और अभिभावकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। सुबह से ही अपने बच्चों का टीकाकरण कराने पहुंचे लोग घंटों इंतजार करने के बाद निराश होकर लौट गए।
मरीजों का कहना है कि वे समय पर टीकाकरण के लिए आते हैं ताकि बच्चों को भविष्य में स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से बचाया जा सके। लेकिन केंद्र के खुलने और बंद होने का कोई निश्चित समय न होने के कारण हर बार असुविधा झेलनी पड़ती है। कभी केंद्र देर से खुलता है तो कभी समय से पहले बंद कर दिया जाता है।
इस अव्यवस्था से नाराज़ एक मरीज के परिजन ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन नंबर पर शिकायत दर्ज कर शासन से शीघ्र समाधान की मांग की है।
वहीं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जखनिया के प्रभारी डॉ. अवधेश कुमार ने बताया कि बारिश के कारण केंद्र को अस्थायी रूप से बंद किया गया था। हालांकि, सवाल यह है कि यदि ऐसा निर्णय पहले से लिया गया था, तो इसकी सूचना अस्पताल परिसर में नोटिस बोर्ड के माध्यम से क्यों नहीं दी गई।
जनहित के इस सवाल पर अब प्रशासन की चुप्पी जवाब मांग रही है।




