अज्ञात बदमाशों ने कंबल व्यवसायी को मरणासन्न कर रेलवे लाइन किनारे फेंका, नकदी गायब

स्थानीय समाचार

बाराबंकी: शहर कोतवाली क्षेत्र में एक कंबल व्यवसायी पर कुछ बदमाशों ने हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। बदमाश कारोबारी को रेलवे लाइन के किनारे मरणासन्न हालत में फेंक गए। कारोबारी के पास मौजूद 15 हजार रुपये की नकदी व मोबाइल गायब थे। पुलिस ने व्यवसायी को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया। जहां से उसे लखनऊ केजीएमयू रेफर कर दिया गया। चाचा की तहरीर पर पुलिस केस दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।

बता दें कि मुजफ्फरनगर जिले के थाना भोपा के ग्राम जोली निवासी शाहिद बाराबंकी शहर के घोसियाना मोहल्ले में किराए का कमरा लेकर फेरी लगाकर कंबल बेचने का काम करता है। शाहिद के चाचा शादाब ने बताया कि 17 फरवरी को वह कंबल बेचकर आ रहा था। इस दौरान शहर कोतवाली क्षेत्र में सफीपुर रेलवे क्रासिंग के पास अज्ञात लोगों ने उस पर हमला बोलकर घायल कर दिया। हमले में घायल शाहिद बेहोश हो गया तो हमलावर उसे रेलवे लाइन किनारे छोड़कर भाग गए। एक राहगीर ने इसकी सूचना 112 नंबर पर दी। पुलिस ने व्यवसायी को जिला अस्पताल भिजवाया। चाचा ने बताया कि शाहिद के पास मौजूद 15 हजार रुपये व उसका मोबाइल गायब है। शहर कोतवाल आलोक मणि त्रिपाठी ने बताया कि व्यवसायी के चाचा की तहरीर पर जांच की जा रही है। व्यवसायी के होश में आने पर बयान दर्ज होगा। इससे साफ होगा कि उसके साथ लूट हुई या किसी ने पुरानी दुश्मनी के चलते हमला किया है।