संवाददाता : मोनू भारती
मुहम्मदाबाद गोहना मऊ। कस्बा मोहम्मदाबाद क्षेत्र अंतर्गत कैलेंडर रौजा के पास एक अज्ञात महिला अर्ध बेहोशी की हालत में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर महिला को तत्काल उपचार के लिए समुदाय स्वास्थ्य केंद्र मोहम्मदाबाद गोहना लाया गया जहां हालत गंभीर देख कर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, महिला की उम्र लगभग 45 से 50 वर्ष के बीच बताई जा रही है। राहगीरों ने उसे सड़क किनारे अचेत अवस्था में पड़ा देखा, जिसके बाद आसपास के लोगों ने मानवता का परिचय देते हुए उसे अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की। अस्पताल प्रशासन के अनुसार, महिला अर्ध बेहोशी की हालत में है और अभी तक अपनी पहचान बताने में असमर्थ है। चिकित्सकों की टीम द्वारा उसका उपचार किया जा रहा है और उसकी स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। स्थानीय लोगों और प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति इस महिला को पहचानता हो या उसके संबंध में कोई जानकारी रखता हो, तो कृपया तत्काल जिला अस्पताल मऊ अथवा स्थानीय पुलिस थाना मोहम्मदाबाद गोहना जनपद मऊ को सूचित करें, ताकि महिला की पहचान कर उसे उसके परिजनों से मिलाया जा सके। पुलिस द्वारा महिला की पहचान कराने के लिए आवश्यक प्रयास किए जा रहे हैं।




