
बाराबंकी: उत्तर प्रदेश के जनपद बाराबंकी से हैरान करने वाला मामला सामने आया है। कुर्सी थाना क्षेत्र के एक परिषदीय विद्यालय के शौचालय में शनिवार की दोपहर दो छात्रों के साथ विद्यालय के रसोइयां ने ही अप्राकृतिक दुष्कर्म किया। इस घटना को विद्यालय के ही दो छात्रों ने देख कर पीड़ित छात्रों के घर में जानकारी दी। इसके बाद हड़कंप मच गया। सोमवार को परिजनों ने विद्यालय पहुंच कर हंगामा शुरू कर दिया। मौके पर भीड़ जुट गई। पुलिस ने पीड़ितों बच्चों के पिता की तहरीर पर आरोपी रसोइयां के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पीड़ित बच्चों का मेडिकल कराया गया है।

विद्यालय के शौचालय में किया अप्राकृतिक दुष्कर्म:
कुर्सी थाना क्षेत्र के एक प्राथमिक विद्यालय में कक्षा पांच के दो छात्रों के साथ विद्यालय में कार्यरत रसोईया नागेश्वर यादव ने शनिवार की दोपहर शौचालय में दुष्कर्म किया। आरोपी ने इस घटना को घर में बताए जाने पर जान से मारने की धमकी दी। जिससे दोनों मासूम सहम उठे।
साथी छात्रों ने घर में दी सूचना:
दोनों छात्रों के साथ नागेश्वर यादव को अप्राकृतिक दुष्कर्म करते हुए इसी विद्यालय में पढ़ रहे गांव के दो अन्य छात्रों ने देख लिया। दोनों छात्रों ने इसकी सूचना पीड़ितों के घर में दी।

परिजनों ने बच्चों से पूछा तो बिलख कर रो पड़े:
दोनों बच्चों के साथ अप्राकृतिक दुष्कर्म की बात सुनकर परिजन भौचक रह गए। उन्होंने बच्चों से पूछताछ की तो वह दोनों बिलख कर रो पड़े। उन्होंने रोते हुए बताया की रसोईयां काफी समय से दुष्कर्म कर रहा था। एक छात्र ने बताया कि आरोपी पिछले डेढ़ साल से उसके साथ अप्राकृतिक दुष्कर्म कर रहा था। दूसरे छात्र ने बताया कि करीब एक माह उसके साथ अप्राकृतिक दुष्कर्म कर रहा था।
परिजनों ने विद्यालय में काटा हंगामा:
इस घटना की जानकारी से परिजन व ग्रामीण आक्रोशित हो उठे। सोमवार की सुबह जब विद्यालय खुला तो परिजन व ग्रामीण विद्यालय पहुंच गए। वहां हंगामा शुरू हो गया। घटना की जानकारी होने पर क्षेत्राधिकारी फतेहपुर जगतराम कनौजिया घटनास्थल पर पहुंचे और जांच पड़ताल की। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार सिंह ने बताया कि दोनों बच्चों के अभिभावकों की तहरीर पर एससी-एसटी व विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पीड़ितों का मेडिकल कराया गया है। मामले की जांच की जा रही है। आरोपी गिरफ्तार किया गया है।





