पश्चिमोत्तर पाकिस्तान में बढ़ रही अपहरण की घटना के विरोध में हजारों लोगों ने किया आतंकवाद के खिलाफ प्रदर्शन

Breaking INTERNATIONAL

पेशावर: अफगानिस्तान की सीमा से लगते पश्चिमोत्तर पाकिस्तान के कबाइली इलाकों में आतंकवाद और अपहरण की बढ़ती घटनाओं के विरोध में हजारों लोगों ने प्रदर्शन किया और क्षेत्र में तत्काल शांति बहाली की मांग की। दक्षिणी वजीरिस्तान कबाइली जिले के मुख्यालय वाना में शुक्रवार को 5,000 से अधिक कबाइलियों ने अपने यहां अशांति, आतंकवाद और अपहरण की बढ़ती घटनाओं के विरोध में रैली निकाली।

यह प्रदर्शन विशेष रूप से खैबर पख्तूनख्वा और बलूचिस्तान प्रांतों में बढ़ते आतंकी हमलों के बीच हुआ है। आतंकी हमलों को अफगानिस्तान आधारित प्रतिबंधित तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) समूह द्वारा अंजाम दिया जाता रहा है। पश्तून राष्ट्रवादी और पश्तून तहफुज मूवमेंट (पीटीएम) के नेता मंजूर पुश्तीन ने प्रदर्शनकारियों को संबोधित किया जिनके हाथों में तख्तियां और बैनर थे।

प्रदर्शनकारियों ने कबाइली जिलों में शांति और सद्भाव बहाल करने की मांग की। जिले में हिंसा की घटनाएं बढ़ने के विरोध में वाना बाजार की सभी दुकानें और बाजार बंद रहे। पुश्तीन ने कहा कि यदि कानून व्यवस्था नहीं सुधरी तो कबाइली युवा भी आतंकवादियों की तरह हथियार उठा सकते हैं।