*खटीमा के प्रसिद्ध कवि नन्द को मिला “आदि कवि वाल्मीकि साहित्य सम्मान”*
उत्तराखंड,, खटीमा
संवाददाता – ईश्वर सिंह
जनपद उधम सिंह नगर के सीमांत खटीमा के राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बिरिया मझोला के प्रभारी प्रधानाचार्य तथा शैलेश मटियानी राज्य शिक्षा पुरस्कार से सम्मानित महेंद्र प्रताप पांडेय नन्द को राष्ट्रीय पुस्तक न्यास भारत सरकार, उत्तर प्रदेश भाषा संस्थान लखनऊ, यूएसएम पत्रिका द्वारा भागीरथ पब्लिक स्कूल गाजियाबाद में संयुक्त रूप से आयोजित 30 वें अखिल भारतीय साहित्य सम्मेलन में डॉ गिरीश्वर मिश्र कुलपति महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय विश्वविद्यालय वर्धा, प्रोफेसर संजय द्विवेदी महानिदेशक भारतीय जनसंचार भारत सरकार, डॉ अनिल अग्रवाल राज्यसभा सांसद, डॉ राज नारायण शुक्ल अध्यक्ष उत्तर प्रदेश भाषा संस्थान लखनऊ तथा पद्मश्री डॉ श्याम सिंह शशि पूर्व महानिदेशक प्रकाशन विभाग भारत सरकार के हाथों अंग वस्त्र, प्रशस्ति पत्र, स्मृति चिन्ह तथा 2100₹ की नगद धनराशि प्रदान कर सम्मानित किया गया। आपको बता दें कि खटीमा के प्रसिद्ध कवि, साहित्यकार तथा रचनाकार महेंद्र प्रताप पांडेय नन्द द्वारा “भारतीय भाषा साहित्य में प्रेम और सद्भावना के प्रसंग” विषय के अंतर्गत कुमाऊनी भाषा साहित्य में प्रेम तथा सद्भावना विषय पर आलेख प्रस्तुत किया गया था जिसकी उपस्थित श्रोताओं तथा साहित्यकारों द्वारा काफी प्रशंसा और सराहना की गई थी। इसी क्रम में कवि नन्द को “आदि कवि वाल्मीकि साहित्य सम्मान” से नवाजा गया। गौरतलब है कि शैलेश मटियानी राज्य शिक्षा पुरस्कार से सम्मानित कवि महेंद्र प्रताप पांडेय नन्द को हाल ही में एक दिन पहले टू मीडिया दिल्ली द्वारा “टू मीडिया गौरव सम्मान” से भी सम्मानित किया गया था। वहीं यह सम्मान मिलने पर खंड शिक्षा अधिकारी डीएस राजपूत, साहित्यकार डॉ रूपचंद्र शास्त्री मयंक, डॉक्टर राज सक्सेना, अरविंद चौधरी, मनोज गुणवंत, उदय प्रताप सिंह, सुनील रैदानी, अंकित पांडेय, सहित अनेकों लोगों ने कवि नन्द को बधाई एवं शुभकामनाएं दी है।




