संवाददाता : मोनू भारती
मोहम्मदाबाद गोहना (मऊ)। बदलते मौसम को देखते हुए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोहम्मदाबाद गोहना जनपद मऊ के वरिष्ठ चिकित्सक डॉक्टर संतोष कुमार यादव ने क्षेत्रवासियों से सतर्क रहने और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने की सलाह दी है। उन्होंने सलाह देते हुए कहा कि मौसम में बदलाव के कारण सर्दी, जुकाम, बुखार और वायरल संक्रमण जैसी बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है, इसलिए लोगों को विशेष सावधानी बरतनी चाहिए। सभी लोगों को सुबह-शाम ठंड से बचाव करना चाहिए, हल्के गर्म कपड़े पहनने चाहिए और साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि बाहर का खुला और अस्वच्छ भोजन करने से बचें तथा संतुलित और पौष्टिक आहार लें। इसके साथ ही पर्याप्त मात्रा में पानी पीना और शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता मजबूत रखने के लिए फल और हरी सब्जियों का सेवन करना जरूरी है। बोर्ड परीक्षाओं को ध्यान में रखते हुए डॉक्टर संतोष यादव ने विद्यार्थियों को विशेष सलाह देते हुए कहा कि परीक्षा के दौरान खान-पान और दिनचर्या का विशेष ध्यान रखें। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को समय से सोना चाहिए और पर्याप्त नींद लेनी चाहिए, ताकि परीक्षा के दौरान उन्हें थकान या स्वास्थ्य संबंधी कोई परेशानी न हो। उन्होंने विद्यार्थियों को जंक फूड से दूर रहने और घर का बना पौष्टिक भोजन करने की सलाह दी। उन्होंने अभिभावकों से भी अपील की वे बच्चों के स्वास्थ्य का ध्यान रखें और परीक्षा के समय उन्हें तनावमुक्त वातावरण प्रदान करें, जिससे विद्यार्थी बेहतर प्रदर्शन कर सकें।




