
बाराबंकी: घर से परीक्षा देने निकला एक छात्र संदिग्ध हालात में घर से लापता हो गया। छात्र की मोटर साइकिल मसौली थाना क्षेत्र में नहर के किनारे पड़ी मिली। सूचना मिलने पर पुलिस ने घटनास्थल पर जाकर छानबीन शुरू की है। युवक के नहर में डूबने की आशंका जताई जा रही है।

थाना क्षेत्र मसौली के शहावपुर नहर पटरी पर सोमवार की सुबह एक बाइक लावारिस अवस्था में मिली। इसे देख मौके पर राहगीरों की भारी भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने बाइक की पंजीकरण संख्या के आधार पर जांच शुरू की तो पता चला कि बाइक जहांगीराबाद थाना क्षेत्र के लालपुरवा मजरे पिपरौली निवासी सुशील कुमार तिवारी के नाम पंजीकृत है। रविवार को यह बाइक उनका पुत्र शिवम कुमार तिवारी (18) घर से परीक्षा देने के लिए चौपुला स्थित एक निजी संस्थान जाने के लिए निकला था।बीएससी प्रथम सेमेस्टर का छात्र शिवम जब शाम तक वापस घर नहीं लौटा तो परिवार के लोगों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। मोबाइल पर संपर्क करने पर वह स्विच ऑफ मिला। पिता ने बताया कि शिवम के साथियों ने उसके किसी साथी के जन्म दिवस की पार्टी में जाने की बात बताई थी। पुलिस द्वारा की गई छानबीन के बाद भी छात्र का कोई सुराग हाथ नहीं लगा। गुमशुदगी के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पिता द्वारा अनहोनी होने की आशंका जताई जा रही है। थाना प्रभारी यशकांत सिंह ने बताया कि छात्र की कॉल डिटेल निकलवाने के साथ ही नहर को भी गोताखोरों की मदद से खंगाला जा रहा है।




