संवाददाता : राजू दुबे
महात्मा गाँधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (मनरेगा) का नाम बदलकर “विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार आजीविका मिशन ग्रामीण” किए जाने के केंद्र सरकार के निर्णय के खिलाफ जिला कांग्रेस कमेटी शहर द्वारा कड़ा विरोध दर्ज कराया गया। जिला कांग्रेस कमेटी शहर का स्पष्ट मत है कि मौजूदा भाजपा सरकार महात्मा गाँधी जी के नाम और उनके विचारों से वैचारिक चिढ़ के चलते देश की सबसे सफल और जनकल्याणकारी योजना का नाम बदल रही है। मनरेगा स्वतंत्र भारत की उन ऐतिहासिक योजनाओं में से एक है, जिसने ग्रामीण गरीबों, मज़दूरों और ज़रूरतमंदों को रोजगार पाने का कानूनी अधिकार प्रदान किया। कांग्रेस का आरोप है कि भाजपा सरकार बेतुके और तथ्यहीन तर्कों के आधार पर इस योजना को बदनाम कर रही है तथा नए नाम और प्रावधानों के माध्यम से जनता को भ्रमित करने का प्रयास कर रही है। सरकार द्वारा किए जा रहे दावे और वादे पूरी तरह काल्पनिक हैं और उनका ज़मीनी हकीकत से कोई संबंध नहीं है। प्रस्तावित बदलाव से किसी को लाभ नहीं, बल्कि इससे गरीब और मज़दूर वर्ग को नुकसान ही होगा। इस अवसर पर शहर कांग्रेस अध्यक्ष प्रवीण सिंह चौहान ने कहा कि मनरेगा केवल एक योजना नहीं, बल्कि गरीब और मज़दूर के सम्मान व अधिकार की गारंटी है। भाजपा सरकार महात्मा गाँधी जी के नाम से चिढ़ के कारण इस योजना की पहचान मिटाना चाहती है। नाम बदलने से न रोजगार बढ़ेगा और न ही जनता की समस्याएँ हल होंगी। उन्होंने आगे कहा कि केंद्र सरकार अपनी आर्थिक नाकामी और कमजोर वित्तीय स्थिति का बोझ राज्य सरकारों पर डाल रही है। मनरेगा को कमजोर करने की यह साजिश कांग्रेस कभी सफल नहीं होने देगी। जिला कांग्रेस कमेटी शहर ने स्पष्ट किया कि मनरेगा के नाम एवं स्वरूप से छेड़छाड़ किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं की जाएगी और इस जनविरोधी फैसले के खिलाफ कांग्रेस पार्टी हर स्तर पर आंदोलन करेगी। उक्त विरोध मे रामअशोक शर्मा, मधु शर्मा, रुपेश पाण्डेय, रविंद्र द्विवेदी, अमित द्विवेदी, सुरेश दुबे, कृष्णा सिंह परिहार, शालिनी श्रीवास्तव, राघवेंद्र सिंह, मक़सूद राजा, शाहिद खान, कृष्णा शाह, सूबेदार सिंह, पुष्पा सिंह, रीना देवी, विवेक सिंह बघेल, विनीता कुशवाहा, अशोक सोनी, साजिद हुसैन, पी ऍम शाह, रामकुमार शाह, हरिकमल शुक्ला, सुरेश अग्निहोत्री, पंकज सिंह, रमेश कुशवाहा, अजय सिंह, सौरभ सिंह, राणा सिंह, मोनू सिंह सैकड़ो कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।




