आगरा, संजय सागर सिंह। क्षत्रिय समाज के नेता और राजपा पार्टी के प्रमुख शेर सिंह राणा ने गुरुवार को आगरा में प्रेस वार्ता के दौरान समाजवादी पार्टी (सपा) पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि सपा, दलित सांसद रामजी लाल सुमन को आगे कर जातीय दंगा भड़काने की साजिश कर रही है। श्री राणा ने यह आरोप भी लगाया कि सपा सांसद ने वीर शिरोमणी राणा सांगा के खिलाफ अपशब्दों का इस्तेमाल किया है, जिसका वे कड़ा विरोध करते हैं। शेर सिंह राणा ने आगे कहा, “समाजवादी पार्टी के नेता रामजी लाल सुमन ने राणा सांगा के लिए गद्दार जैसे शब्द कहे हैं, जो पूरी तरह से गलत हैं। समाजवादी पार्टी इस मुद्दे को लेकर अपनी दुकान चला रही है, और हम इसे जल्द ही बंद कर देंगे।” श्री राणा ने साथ ही कहा कि सपा का उद्देश्य दलित और क्षत्रिय समाज को आपस में भिड़ाना है, लेकिन दलित भाई समझें कि सबसे बड़ी दलित नेता मायावती जी हैं। उन्होंने कहा, “हम आगरा में 12 अप्रैल को राणा सांगा की जयंती धूमधाम से मनाएंगे, और इस आयोजन में सभी समाजों को एकजुट करेंगे।” उन्होंने यह भी बताया कि सुमन के खिलाफ विरोध करने के लिए करणी सेना के कार्यकर्ता उनके आवास पर पहुंचे थे, लेकिन पहले से बुलाए गए गुंडों ने उन पर पथराव किया, जिससे करणी सेना के कुछ कार्यकर्ता घायल हो गए। राणा ने घायल करणी सैनिकों से मुलाकात की और उन्हें हर संभव मदद का भरोसा दिया। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए शेर सिंह राणा ने कहा, “अखिलेश यादव को गौशाला से बदबू आती है। जब उत्तर प्रदेश की गद्दी पर एक क्षत्रिय बैठा, तो इन गुंडों और माफिया का सफाया हो गया, जिससे ये बौखलाए हुए हैं।” राणा के इस दौरे में क्षत्रिय समाज के कई प्रमुख नेता भी मौजूद थे, जिनमें पूर्व जिलाध्यक्ष भंवर सिंह चौहान, संजय चौहान, संजय गंवार, मुनेंद्र जादौन, जितेंद्र सिंह सिकरवार और रवि सिंह चौहान शामिल थे। सभी नेताओं ने शेर सिंह राणा के समर्थन में अपने विचार व्यक्त किए और इस मुद्दे पर एकजुटता का संदेश दिया। श्री शेर सिंह राणा ने, अंत में कहा कि राष्ट्रहित में इस प्रकार की गन्दी राजनीति को पहचानना और इसके खिलाफ आवाज उठाना हम सभी की जिम्मेदारी है।




