हिमाचल से दक्षिण-पश्चिम मानसून अब विदा हो गया है इस बार 124 सालों में 97वीं सबसे अधिक बारिश दर्ज की गयी

Special

सामान्य से 18 फीसदी कम बारिश के साथ बुधवार को दक्षिण-पश्चिम मानसून हिमाचल प्रदेश से विदा हो गया है। इस साल प्रदेश में मानसून सीजन के दौरान 600.9 मिलीमीटर बारिश हुई, जोकि पिछले 124 सालों में 97वीं सबसे अधिक बारिश है। हालांकि, 1901 से 2024 तक की अवधि के लिए सबसे अधिक बारिश (1314.6 मिमी) वर्ष 1922 में दर्ज की गई थी। 27 जून को प्रदेश में मानसून ने प्रवेश किया था। 27 जून से 30 सितंबर तक प्रदेश में 600 मिलीमीटर बादल बरसे। प्रदेश से दक्षिण-पश्चिमी मानसून की वापसी की सामान्य तिथि 25 सितंबर है। बीते साल मानसून 6 अक्तूबर को विदा हुआ था।
जून में सामान्य से 54 फीसदी कम बरसे बादल
मानसून के दौरान जून में प्रदेशभर में सामान्य से 54 फीसदी, जुलाई में 29 फीसदी और अगस्त में 5 फीसदी कम बारिश दर्ज हुई। सितंबर के दौरान प्रदेश में 4 फीसदी अधिक बारिश हुई। इस अवधि में 734 मिलीमीटर बारिश को सामान्य माना गया है। 27 से 30 जून के दौरान प्रदेश में 46 मिलीमीटर बारिश हुई। इस दौरान 101 मिलीमीटर को सामान्य माना गया है। जून के दौरान प्रदेश में सामान्य से 54 फीसदी कम बारिश रिकॉर्ड हुई। इस अवधि में सभी जिलों में कम बारिश दर्ज हुई। जुलाई में प्रदेश में 180 मिलीमीटर बारिश हुई। इस दौरान 255 मिलीमीटर बारिश को सामान्य माना गया है। ऐसे में जुलाई में 29 फीसदी कम बादल बरसे।