मऊ जनपद के रानीपुर पुलिस ने लूट के आरोपी को मोबाइल सहित किया गिरफ्तार, फरार साथी की तलाश जारी, एकडंगा चट्टी पर टेलर चालक से मारपीट कर की गई थी छिनैती, iQOO 5G मोबाइल बरामद

CRIME

संवाददाता : मोनू भारती
मुहम्मदाबाद गोहना मऊ । जनपद मऊ में अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत रानीपुर थाना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने लूट (छिनैती) की घटना में शामिल एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके पास से लूटा गया iQOO Z10 Lite 5G मोबाइल फोन बरामद किया है। घटना में शामिल दूसरा आरोपी फिलहाल फरार है, जिसकी तलाश जारी है। पुलिस अधीक्षक मऊ के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक के पर्यवेक्षण में, क्षेत्राधिकारी मुहम्मदाबाद गोहना के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। मामला थाना रानीपुर में पंजीकृत मु.अ.सं. 218/2025 धारा 115(2), 352, 351(2), 125, 309(6), 317(2) बीएनएस से संबंधित है।
मुखबिर की सूचना पर हुई गिरफ्तारी
थानाध्यक्ष रानीपुर अपनी पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एकडंगा जाने वाले लिंक मार्ग, नहर के किनारे पक्की सड़क पर एक संदिग्ध व्यक्ति मौजूद है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की तो आरोपी भागने लगा, जिसे दौड़ाकर पकड़ लिया गया।
पूछताछ में कबूला अपराध
गिरफ्तार आरोपी ने अपना नाम शैलेन्द्र राजभर पुत्र रामदरश राजभर, निवासी एकडंगा, थाना रानीपुर, जनपद मऊ, उम्र करीब 31 वर्ष बताया। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने दिनांक 28 दिसंबर 2025 की शाम अपने एक साथी के साथ मिलकर एकडंगा चट्टी पर एक टेलर चालक से मारपीट कर मोबाइल फोन और नकदी लूट ली थी।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से iQOO Z10 Lite 5G (ब्लैक कलर) मोबाइल फोन बरामद किया है। आरोपी ने बताया कि लूटी गई नकदी उसके दूसरे साथी के पास है, जो फिलहाल फरार है।
आपराधिक इतिहास भी सामने आया
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध पूर्व में भी रानीपुर, मुहम्मदाबाद गोहना और सरायखंशी थानों में गंभीर धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं। आरोपी को नियमानुसार हिरासत में लेकर माननीय न्यायालय मऊ भेज दिया गया है।
पुलिस टीम की भूमिका
इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार, उ0नि0 धर्मेन्द्र कुमार शुक्ल, हे0का0 उमेश यादव, का0 पंकज यादव, का0 योगेन्द्र बहादुर सिंह एवं का0 सुयश चौधरी शामिल रहे। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और अपराधियों के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा।