संदिग्ध परिस्थितियों में गर्भवती विवाहिता की मौत, पांच माह पूर्व हुई थी शादी, दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज

स्थानीय समाचार

बाराबंकी: उत्तर प्रदेश के जनपद बाराबंकी अंतर्गत मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्र में बृहस्पतिवार रात एक गर्भवती विवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। पांच माह पहले ही शादी हुई थी। मायके पक्ष ने दहेज के लिए प्रताड़ित करने व हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने पति समेत चार पर दहेज हत्या का केस दर्ज कर पूछताछ शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

बता दें कि सीतापुर जिले के थानगांव थाना क्षेत्र के राजपुर गांव निवासी दुखहरण की पुत्री रेनू (22) का विवाह विगत 18 फरवरी को मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्र के करौता गांव निवासी मनोज कुमार से हुई थी। विवाहिता गभर्वती थी। पुलिस के अनुसार बृहस्पतिवार देर शाम ससुरालीजन उन्हें सीएचसी सूरतगंज लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। सूचना पर सीतापुर से पहुंचे परिजनों में कोहराम मचा गया।परिजनों ने दहेज के लिए प्रताड़ित करने व जहर देकर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाकर जांच व कार्रवाई का आश्वासन दिया है। मोहम्मदपुर खाला के एसएचओ अनिल कुमार सिंह ने बताया कि पति मनोज, ससुर नेम कुमार, सास विनीता व ननद के खिलाफ दहेज हत्या का केस दर्ज कर जांच की जा रही है।