
बाराबंकी: थाना बड्डूपुर क्षेत्र से तीन बच्चों के चले जाने की सूचना पर स्वॉट/सर्विलांस व थाना बड्डूपुर पुलिस टीम ने तीनों बच्चों को सकुशल बरामद किया। बता दें कि मंगलवार को वीरेन्द्र कुमार पुत्र नरेश निवासी ग्राम फूटी सरैया ने थाना बड्डूपुर पर तहरीर देते हुए बताया कि रविवार को उनके तीन बच्चे उम्र-06 वर्ष, उम्र-10 वर्ष तथा उम्र-11 वर्ष भगौली फूटी सरैया रेलवे फाटक के पास बकरी चरा रहे तथा भिक्षा मांग रहे थे। तभी अज्ञात ऑटो सवार तीनों बच्चों को अपनी ऑटो में बिठाकर कहीं लेकर चला गया। जिसके बाद पुलिस ने मुकदमा पंजीकृत कर बच्चों की तलाश शुरू की।

इस घटना के अनावरण के लिए बाराबंकी पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय ने तीन टीमों का गठन किया। जिसके बाद गुरुवार को स्वॉट/सर्विलांस व थाना बड्डूपुर संयुक्त पुलिस टीम द्वारा तीनों बच्चों को टेढ़ी पुलिया जनपद लखनऊ से सकुशल बरामद किया गया।
पुलिस जांच में पता चला कि तीनों बच्चे फूटी सरैया रेलवे क्रॉसिंग के पास से एक ई-रिक्शा से महमूदाबाद बस स्टॉप (सीतापुर) गये थे तथा वहां से कैसरबाग डिपो लखनऊ की बस में बैठकर टेढ़ी पुलिया जनपद लखनऊ पहुंच गये थे। बच्चों के साथ किसी प्रकार का अपराध होना नहीं पाया गया है।




