कांग्रेस की नीतियों को घर-घर बताएं बूथ अध्यक्ष व कार्यकर्ता
बाराबंकी: भाजपा ने इस देश की आवाम को गुमराह किया है। इनके झूठ और जुमले की हकीकत हर घर पर दस्तक देकर बतानी है कि भाजपा ने किस तरह झूठे सपने दिखाकर किसान, नौजवान, आवाम के सपनों से खेला है। यह काम सिर्फ हमारा बूथ अध्यक्ष और कमेटी का सदस्य ही कर सकता है और 2024 के चुनाव में आपके बूथ पर भाजपा की हार सुनिश्चित हो इसके लिए भाजपा के झूठे वादों को बताना है। साथ ही कांग्रेस पार्टी के पक्ष में मतदान करने का निवेदन मतदाता से करना है।
यह बात पूर्व सांसद डॉ. पीएल पुनिया ने गुरुवार को विधानसभा जैदपुर के बूथ सम्मेलन में बूथ अध्यक्षों और कांग्रेसियों के बीच कही। सम्मेलन की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष मोहसिन ने की। इस मौके पर प्रदेश महामंत्री तनुज पुनिया ने कहा कि बूथ अध्यक्ष और उसकी कमेटी की मेहनत ही बूथ पर कांग्रेस पार्टी की जीत की गारंटी है। 2024 के अप्रैल में प्रस्तावित लोकसभा के चुनाव में अब समय नहीं है। आपको अपने बूथ के मतदाता के पास जाकर बताना है कि अपने 10 वर्षों के कार्यकाल में देश की भाजपा सरकार ने महंगाई बेरोजगारी झूठे सपने के सिवाय कुछ नहीं दिया है।
इसके साथ ही कांग्रेस पार्टी के पक्ष में मतदान कराकर कांग्रेस प्रत्याशी को जिताने का अनुरोध करें। फैजाबाद मंडल के प्रदेश प्रभारी उपाध्यक्ष सुशील पासी ने कहा कि भाजपा सरकार की महंगाई ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है हर घर के रसोई का बजट बिगड़ गया है। इस माैके पर तमाम कांग्रेसी मौजूद रहे।