वार्ड 12 में जलजमाव से लोग परेशान, नगर पालिका पर लापरवाही का आरोप।
संवाददाता उमाकांत विश्वकर्मा
बलिया जनपद की रसड़ा आदर्श नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड नंबर 12 में सड़क पर जलजमाव की गंभीर समस्या को लेकर स्थानीय नागरिकों में नगर पालिका प्रशासन के प्रति गहरी नाराजगी देखी जा रही है। लोगों का आरोप है कि यह समस्या कई वर्षों से बनी हुई है, लेकिन अब तक इसका स्थायी समाधान नहीं किया गया।
स्थानीय निवासियों ने बताया कि जलनिकासी की समस्या को लेकर कई बार नगर पालिका अध्यक्ष विनय शंकर जायसवाल तथा अधिशासी अधिकारी को लिखित रूप से अवगत कराया गया। इसके अलावा आईजीआरएस पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज कराई गई, लेकिन समस्या के समाधान के बजाय नाली का पानी श्रीनाथजी मठ परिषद की ओर मोड़ दिया गया।
लोगों का कहना है कि वर्तमान में श्रीनाथजी मठ परिषद परिसर में सुंदरीकरण का कार्य चल रहा है, जिसके कारण अब नाली का पानी मठ परिसर में प्रवेश नहीं कर पा रहा है। इससे सड़क पर जलजमाव की स्थिति और गंभीर हो गई है, जिससे राहगीरों, स्कूली बच्चों और स्थानीय निवासियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
समस्या को लेकर स्थानीय लोगों ने श्रीनाथजी मठ के महंत श्री कौशलेंद्र गिरी महाराज से भी अनुरोध किया। महंत जी ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का निरीक्षण किया और स्पष्ट किया कि यह नगर पालिका की जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से कहा कि वे पुनः नगर पालिका प्रशासन से संपर्क कर समस्या के समाधान की मांग करें। साथ ही यह भी आश्वासन दिया कि यदि नगर पालिका द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जाती है, तो मठ स्तर से व्यवस्था करने का प्रयास किया जाएगा।
स्थानीय नागरिकों ने नगर पालिका प्रशासन से शीघ्र जलजमाव की समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है, ताकि क्षेत्रवासियों को राहत मिल सके।




