रिपोर्ट- नीरज शुक्ला (रामनगर बाराबंकी)
थानाक्षेत्र के अंतर्गत बिंदौरा-परसपुर मार्ग पर सोमवार की रात करीब 12 बजे एक सड़क हादसा हुआ। जिसमें एक युवक की मौके पर ही मौत हो गयी जबकि दो युवक घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जोगेंद्र यादव का सोनालिका डीआई-35 ट्रैक्टर गन्ना लेकर जा रहा था। बताया गया है कि ट्रैक्टर की दाहिनी ओर की एक हेडलाइट खराब थी, जिससे केवल एक ही लाइट जल रही थी। इसी दौरान सामने से आ रही बाइक ट्रैक्टर से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए।
हादसे में भिटौली निवासी 22 वर्षीय हिमांशु सोनी पुत्र रामकुमार की मौके पर ही मौत हो गई। उसका सगा भाई छोटू पुत्र रामकुमार गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामनगर और फिर जिला अस्पताल बाराबंकी रेफर किया गया। गंभीर हालत को देखते हुए उसे लखनऊ के ट्रॉमा सेंटर भेजा गया है। बाइक पर बीच में बैठे करण सोनी को मामूली चोटें आई हैं।
घटना की सूचना मिलते ही महादेवा चौकी इंचार्ज अभिनंदन पांडे पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने ट्रैक्टर को कब्जे में ले लिया है और मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। चौकी इंचार्ज ने बताया कि ट्रैक्टर की एक लाइट खराब होने की बात सामने आई है, जिसकी जांच की जा रही है। संबंधित वाहन को कब्जे में लेकर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।




