रसड़ा में गुरुवार को आजमगढ़ परिक्षेत्र के डीआईजी सुनील कुमार सिंह ने रसड़ा कोतवाली का वार्षिक निरीक्षण कर पुलिस व्यवस्था का जायजा लिया।

स्थानीय समाचार

रसड़ा में गुरुवार को आजमगढ़ परिक्षेत्र के डीआईजी सुनील कुमार सिंह ने रसड़ा कोतवाली का वार्षिक निरीक्षण कर पुलिस व्यवस्था का जायजा लिया।

संवाददाता उमाकांत विश्वकर्मा

बलिया। जनपद के रसड़ा में गुरुवार को आजमगढ़ परिक्षेत्र के डीआईजी सुनील कुमार सिंह ने रसड़ा कोतवाली का औचक निरीक्षण कर पुलिस व्यवस्था का जायजा लिया। उनके आगमन पर पुलिस जवानों ने गार्ड ऑफ ऑनर देकर सलामी दी।

निरीक्षण के दौरान डीआईजी ने अभिलेखों, शस्त्रागार, हवालात, मालखाना तथा साफ-सफाई व्यवस्था का गहन परीक्षण किया। व्यवस्थाओं में सुधार और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जन शिकायतों का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर और समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित किया जाए।

कोतवाली परिसर में आयोजित जनप्रतिनिधियों की बैठक में डीआईजी ने आगामी त्योहारों—होलिका दहन, होली, माह-ए-रमजान के अलविदा जुम्मा तथा पंचायत चुनाव—को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए समन्वय और सतर्कता बरतने का आह्वान किया।

बैठक के दौरान सिविल बार एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेश यादव व महामंत्री अमित मणि त्रिपाठी ने न्यायालय परिसर के बाहर अतिक्रमण हटाने तथा रजिस्ट्री कार्यालय को अन्यत्र स्थापित किए जाने संबंधी ज्ञापन सौंपा। इस पर डीआईजी ने सकारात्मक सहयोग का आश्वासन दिया।

वहीं सभासदों ने जुटली गड़ही के समीप संचालित अवैध मछली मार्केट को हटाने की मांग उठाई।

इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार शुक्ला, क्षेत्राधिकारी आलोक गुप्ता, प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र बहादुर सिंह तथा नगर चेयरमैन विनयशंकर सहित अन्य विशिष्ट जन उपस्थित रहे। सभी ने डीआईजी का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।