बाराबंकी: साल 2022 के दिसंबर में महिलाओं की लगातार हत्याओं से दहशत का माहौल बन गया था। दो महिलाओं की हत्या कर उन्हें नग्न अवस्था में छोड़ने वाले हत्यारे को ‘साइको किलर’ का नाम मिला। इस विकृत मानसिकता वाले आरोपी ने न केवल महिलाओं की हत्या की, बल्कि शवों के साथ दुष्कर्म भी किया। इस भयावह घटना के बाद पुलिस ने आरोपी को एक और महिला को शिकार बनाते समय गिरफ्तार कर लिया था। अब, आरोपी के खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (एनएसए) के तहत कार्रवाई की गई है।
जिले में एक ही पैटर्न की महिला हत्याओं ने सभी को विचलित कर दिया था। 5 दिसंबर 2022 को ग्राम दयाराम पुरवा में एक वृद्ध महिला के साथ बलात्कारी प्रयास किया गया। हालांकि, गांव के एक व्यक्ति के पहुंच जाने से वृद्धा की जान बच गई और आरोपी फरार हो गए। पीड़िता ने लोकलाज के डर से पुलिस में शिकायत नहीं की, जिससे आरोपियों का हौसला बढ़ गया।इसके बाद, 17 दिसंबर 2022 को रामसनेहीघाट के ग्राम इब्राहिमाबाद में एक अधेड़ महिला का नग्न शव मिला। पुलिस ने तत्काल समझा कि यह किसी मानसिक विक्षिप्त का काम हो सकता है। जब 31 दिसंबर 2022 को ग्राम ठठेरहा में एक और वृद्ध महिला की नग्न लाश मिली, तो पुलिस ने यह मान लिया कि जिले में एक साइको किलर सक्रिय है जो वृद्ध महिलाओं को निशाना बना रहा है।
इस स्थिति को देखते हुए पुलिस ने 5 टीमें गठित कीं। हत्यारे की खोज शुरू की। स्थानीय ग्रामीणों की सहायता से पुलिस ने तीसरी महिला को शिकार बनाने जा रहे साइको किलर को गिरफ्तार कर लिया। इस गिरफ्तारी और उसके खिलाफ एनएसए के तहत कार्रवाई से जिले में अपराध और भय का माहौल कम होगा और पीड़ित परिवारों को न्याय मिल सकेगा।