मिर्जापुरः फर्नीचर की दुकान में छिपा था 8 क्विंटल अवैध पटाखों का जखीरा, एक गिरफ्तार

CRIME

संवाद दाता:-सिद्धांत बच्चन 

मिर्जापुर, अक्टूबर 2025: मिर्जापुर पुलिस ने दीपावली और छठ जैसे त्योहारों से पहले अवैध पटाखों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। जिगना थाना क्षेत्र के हरगढ़ बाजार में एक फर्नीचर की दुकान पर छापेमारी कर 8 क्विंटल 25 किलोग्राम अवैध बारूदयुक्त पटाखे बरामद किए गए। इस मामले में शनि केशरवानी (26) को गिरफ्तार किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सोमेन बर्मा के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक मनीष कुमार मिश्रा और क्षेत्राधिकारी लालगंज अशोक कुमार सिंह के नेतृत्व में जिगना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर यह कार्रवाई की। बरामद पटाखों में बुलेट बम, मिनी बम, हाइड्रो बम, चटाई, फुलझड़ी और रॉकेट शामिल हैं। अभियुक्त ने पूछताछ में बताया कि त्योहारों में मुनाफा कमाने के लिए दुकान की ऊपरी मंजिल पर पटाखों का भंडारण किया था। थाना जिगना में मुकदमा संख्या 215/2025, धारा 9बी विस्फोटक अधिनियम-1884 के तहत मामला दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू की गई है। पुलिस ने जनता से अवैध गतिविधियों की सूचना देने की अपील की है।