मिडलाइन असेसमेंट 2025: बाराबंकी में कक्षा 9 के विद्यार्थियों ने दिया ओएमआर आधारित मूल्यांकन, जिला विद्यालय निरीक्षक ने निरीक्षण कर परखा व्यवस्थाओं का स्तर, विद्यार्थियों ने उत्साह से दी मिशन पहचान तर्ज पर आधारित मिडलाइन एसेसमेंट

बाराबंकी: भारत सरकार एवं उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा विभाग के समग्र शिक्षा (माध्यमिक) अभियान के अंतर्गत सोमवार को जनपद के सभी राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में मिडलाइन असेसमेंट 2025 का सफल आयोजन किया गया। इस ओएमआर आधारित असेसमेंट में जनपद के समस्त 41 राजकीय माध्यमिक विद्यालयों के कक्षा 9 के कुल पंजीकृत 6319 में से 5606 विद्यार्थी शामिल हुए।
असेसमेंट में चार विषयों – हिंदी, गणित, विज्ञान एवं सामाजिक विज्ञान से संबंधित पंद्रह-पंद्रह प्रश्न शामिल किए गए थे, जिनके उत्तर विद्यार्थियों ने ओएमआर शीट पर अंकित किए। परीक्षा के उपरांत प्रश्नपत्र बुकलेट विद्यार्थियों को घर ले जाने के लिए प्रदान की गई, ताकि वे पुनः अभ्यास कर सकें और अपने प्रदर्शन का आत्ममूल्यांकन कर सकें।

परीक्षा के बाद विद्यालयों में परख एप्लीकेशन के माध्यम से ओएमआर शीट की स्कैनिंग की गई। यह कार्य विद्यालय स्तर पर प्रधानाचार्य एवं शिक्षकों द्वारा किया गया ताकि मूल्यांकन प्रक्रिया पारदर्शी और त्वरित रहे।
जिला विद्यालय निरीक्षक ओ.पी. त्रिपाठी ने दो विद्यालयों – राजकीय हाईस्कूल रामपुर जहांगीराबाद और राजकीय हाईस्कूल रसूलपुर हाउस का निरीक्षण किया। उन्होंने परीक्षा की व्यवस्थाओं, विद्यार्थियों की उपस्थिति तथा ओएमआर स्कैनिंग प्रक्रिया का सूक्ष्म अवलोकन किया। उन्होंने इस तरह के तकनीकी रूप से सक्षम मूल्यांकन को शिक्षा की गुणवत्ता उन्नयन की दिशा में एक अभिनव पहल बताया। उन्होंने कहा कि मिडलाइन असेसमेंट से प्राप्त डाटा का विश्लेषण विद्यार्थियों के सीखने के स्तर को मापने और शिक्षण योजनाओं के सुधार हेतु किया जाएगा, मिडलाइन असेसमेंट मिशन पहचान पर आधारित एक पहल है।

इसी क्रम में जिला समन्वयक समग्र शिक्षा (माध्यमिक) अखिलेंद्र सिंह ने पाँच विद्यालयों राजकीय इंटर कॉलेज निंदूरा, राजकीय इंटर कॉलेज घुंघटेर, राजकीय हाईस्कूल बढ़ईडीह, राजकीय हाईस्कूल मित्तई तथा राजकीय बालिका इंटर कॉलेज देवा का निरीक्षण किया। उन्होंने परीक्षा प्रक्रिया के दौरान शिक्षकों से संवाद कर विद्यार्थियों की प्रतिक्रिया प्राप्त की।




