गाजीपुर
Nk9: सुरेश पाण्डेय
जखनिया विधानसभा में 8 अक्टूबर को होगा व्यापारी सम्मेलन
जखनिया गाजीपुर ।
जखनिया विधानसभा क्षेत्र में आगामी 8 अक्टूबर को व्यापारी सम्मेलन का आयोजन शहीद इंटर कॉलेज प्रांगण में दोपहर 2:00 बजे (बुधवार) किया जाएगा। इस सम्मेलन में मनिहारी, शादियाबाद, हंसराजपुर, दुल्लहपुर, बहरियाबाद सहित विभिन्न क्षेत्रों के व्यापारी, प्रबुद्धजन एवं पार्टी कार्यकर्ता शामिल होंगे।
इसकी जानकारी भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ जिला अध्यक्ष प्रमोद वर्मा ने बैठक के दौरान दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में “नेक्स्ट जेन जीएसटी” सुधारों की घोषणा की गई, जो नवरात्र के पहले दिन 22 सितंबर से पूरे देश में लागू हो चुकी है।
जिला अध्यक्ष ने बताया कि इन सुधारों के तहत 5% और 18% की सरल दो दर संरचना लागू की गई है, जो देशवासियों के लिए दिवाली का तोहफा साबित होगी। इससे करोड़ों परिवारों की बचत होगी। उन्होंने कहा— “जैसे दीपावली पर दीपक घरों को रोशन करते हैं, वैसे ही यह सुधार घरों के खर्च को कम करेंगे, किसानों को सशक्त बनाएंगे और कारोबार को गति देंगे, जिससे पूरे भारत में समृद्धि फैलेगी।”
सम्मेलन के संयोजक अशोक गुप्ता और विजय गुप्ता ने कहा कि जखनिया विधानसभा का यह व्यापारी सम्मेलन ऐतिहासिक होगा। सरकार द्वारा कर दरों में कमी कर जनता को सीधी राहत दी गई है। उन्होंने विधानसभा क्षेत्र के सभी व्यापारियों से इस सम्मेलन में सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील की।
इस अवसर पर भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के मंडल अध्यक्ष विजय गुप्ता, व्यापारी नेता अशोक गुप्ता, बाजार प्रमुख धर्मेंद्र, शैलेंद्र प्रजापति, रवि भारद्वाज, उपेंद्र कुमार, रमेश, अरुण, वेद प्रकाश, सुरेश, विजय मद्धेशिया, गोपाल, मुकेश वर्मा सहित अनेक प्रमुख लोग उपस्थित रहे।




