सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रसड़ा की बदहाल सुविधाओं पर जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन। संवाददाता उमाकांत विश्वकर्मा 

स्थानीय समाचार

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रसड़ा की बदहाल सुविधाओं पर जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन।

संवाददाता उमाकांत विश्वकर्मा

रसड़ा (बलिया)। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रसड़ा की जर्जर व अपर्याप्त सुविधाओं को लेकर स्थानीय नागरिकों ने सामाजिक कार्यकर्ता विश्वजीत जायसवाल के नेतृत्व में जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर तत्काल सुधार की मांग की है।
ज्ञापन में बताया गया है कि यह स्वास्थ्य केंद्र गाजीपुर व मऊ जनपद की सीमा से सटा होने के कारण यहां प्रतिदिन हजारों मरीज इलाज के लिए पहुंचते हैं, लेकिन समुचित चिकित्सकीय सुविधाएं उपलब्ध न होने से मरीजों को निराश होकर अन्यत्र जाना पड़ता है।
ज्ञापन में प्रमुख रूप से मांग की गई है कि केंद्र पर हड्डी रोग विशेषज्ञ व प्लास्टर की सुविधा उपलब्ध कराई जाए, ताकि दुर्घटना सहित अन्य मामलों के मरीजों का उपचार यहीं हो सके। साथ ही शिशु चिकित्सा के लिए प्रतिदिन चिकित्सक की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया है।
इसके अलावा अस्पताल परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगाने, ऑक्सीजन प्लांट स्थापित करने, पर्याप्त बेड व आशा बहुओं के बैठने के लिए सीट की व्यवस्था करने की भी मांग उठाई गई है। अस्पताल परिसर में समुचित प्रकाश हेतु स्ट्रीट लाइट लगवाने तथा साफ-सफाई व्यवस्था दुरुस्त कराने की आवश्यकता भी बताई गई है।
नागरिकों ने आरोप लगाया कि पर्याप्त सफाईकर्मी होने के बावजूद अस्पताल परिसर में गंदगी का अंबार लगा रहता है और अस्पताल केवल रेफरल सेंटर बनकर रह गया है, जहां हल्के-फुल्के मरीजों को भी अन्यत्र भेज दिया जाता है।
ज्ञापन में अस्पताल परिसर की रंगाई-पुताई, मेन गेट निर्माण, शुद्ध पेयजल व जनरेटर की व्यवस्था जल्द कराने की मांग करते हुए जिलाधिकारी से आवश्यक कार्रवाई की अपील की गई है, ताकि प्रतिदिन आने वाले हजारों मरीजों को सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं का समुचित लाभ मिल सके।