संवाददाता : सुरेश चंद पाण्डेय
जखनिया (गाजीपुर)। गाजीपुर जनपद के मनिहारी ब्लॉक स्तरीय होली मिलन समारोह का भव्य आयोजन मधुबन मनिहारी में ग्राम प्रधान संघ के अध्यक्ष राकेश सिंह उर्फ अंशु के आवास पर गीत-संगीत के साथ किया गया। समारोह में क्षेत्र के ग्राम प्रधानों, क्षेत्र पंचायत सदस्यों, जनप्रतिनिधियों व समाजसेवियों ने गर्मजोशी के साथ एक-दूसरे का बुके, मोमेंटो और अबीर-गुलाल लगाकर स्वागत किया तथा होली की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में पारंपरिक फाग और होली गीतों की प्रस्तुति ने पूरे माहौल को उत्साह और उमंग से भर दिया। उपस्थित लोगों ने आपसी सौहार्द और भाईचारे के साथ पर्व की खुशियां साझा कीं। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित जिला सहकारी बैंक के पूर्व चेयरमैन अरुण सिंह ने कहा कि गाजीपुर जिले के सातों विधायकों पर अकेले विधान परिषद सदस्य विशाल सिंह चंचल भारी पड़ते हैं। उन्होंने कहा कि एमएलसी विशाल सिंह चंचल लगातार गरीबों, मरीजों और जरूरतमंदों की मदद करते हैं तथा अपनी निधि से हटकर भी शासन स्तर से लोगों को सहायता दिलाने का काम करते हैं। वे हमेशा लोगों के सुख-दुख में शामिल होकर विकास के कारवां को आगे बढ़ा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मधुबन में जिस गर्मजोशी और उत्साह के साथ होली मिलन समारोह आयोजित किया गया है, वह निश्चित रूप से सुनहरे अक्षरों में लिखा जाएगा।
उन्होंने इशारों-इशारों में बसपा के एक बड़े नेता पर टिप्पणी करते हुए कहा कि जिंदगी की नौका डूबने से बेहतर है कि सही समय पर सही सवारी चुन ली जाए। कुछ लोग खुद को धरती पुत्र और किसानों का मसीहा बताते हैं, कई बार सांसद और विधायक भी रहे हैं, लेकिन एक ही सड़क पर हर वर्ष पैसा खर्च कराया जाता है। उन्होंने इस विशाल आयोजन के लिए ग्राम प्रधान संघ अध्यक्ष राकेश सिंह उर्फ अंशु को बधाई दी। वहीं विधान परिषद सदस्य विशाल सिंह चंचल ने अपने संबोधन में ग्राम प्रधानों, क्षेत्र पंचायत सदस्यों और समाजसेवियों के उत्साह और भागीदारी की सराहना करते हुए सभी को होली की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने मंच के माध्यम से उपस्थित खंड विकास अधिकारी राकेश सिंह का स्वागत कराया और कहा कि पंचायत चुनाव में अब लगभग तीन महीने शेष हैं। जिन ग्राम प्रधानों के विकास कार्य लंबित हैं या जिनका भुगतान नहीं हुआ है, उन्हें तत्काल पूरा कराया जाए ताकि विकास कार्यों में किसी प्रकार की बाधा न आए। एमएलसी ने कहा कि इस आयोजन में पत्रकारों की भूमिका भी महत्वपूर्ण रही है। पत्रकार समाज का दर्पण होते हैं और समाज की वास्तविक तस्वीर लोगों तक पहुंचाने का काम करते हैं। कार्यक्रम के दौरान ग्राम प्रधानों और क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने ग्राम प्रधान संघ अध्यक्ष राकेश कुमार सिंह उर्फ अंशु को भावी ब्लॉक प्रमुख उम्मीदवार के रूप में बधाई और शुभकामनाएं दीं। समारोह में बिरनो ब्लॉक प्रमुख राजन सिंह, सादात ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि हकाडू सिंह, सदर ब्लॉक प्रमुख घूरा सिंह, राजेश्वर सिंह, पूर्व जिला पंचायत सदस्य अनिल कुमार पांडेय, बसपा के पूर्व जिलाध्यक्ष सुभाष राम, अखिलानंद सिंह, कर्मवीर उर्फ सोनू, वीरेंद्र यादव, बबलू गुप्ता, नंदलाल यादव, जेपी यादव, रामाश्रय चौहान, एमएलसी प्रतिनिधि बृजेश पाठक, गुड्डू प्रधान सहित करीब 97 जनप्रतिनिधि व समाजसेवी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन छपरी ग्राम प्रधान रितेश कुमार ने किया। समारोह में उपस्थित लोगों ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं और क्षेत्र में आपसी सौहार्द व विकास की कामना की।




