इंदौर: कांग्रेस नेता राहुल गांधी को जान से मारने की धमकी देने वाले शख्स को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। बता दें कि भारत जोड़ो यात्रा के दौरान इंदौर में कांग्रेस नेता राहुल गांधी को जान से मारने की धमकी वाला एक पत्र मिला था। मामले की जांच में जुटी पुलिस ने 60 साल के एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
रासुका (NSA) के तहत क्राइम ब्रांच ने किया गिरफ्तार
आरोपित दया सिंह को रासुका (NSA) के तहत क्राइम ब्रांच ने गिरफ्तार किया है। दया सिंह की उम्र 60 साल है और वह बैतूल के पंजाबी मोहल्ला, राजेंद्रनगर का रहने वाला है। उसे बुधवार को उज्जैन से गिरफ्तार किया गया। रासुका के तहत वारंट जारी होने के बाद से वह फरार चल रहा था।
बम से उड़ाने की दी थी धमकी
पुलिस के अनुसार पिछले वर्ष नवंबर में आरोपित ने एक मिठाई की दुकान पर पत्र लिखकर राहुल गांधी को जान से मारने और इंदौर में बम धमाके करने की चेतावनी दी थी। पुलिस ने उस समय दया सिंह को पकड़ा, लेकिन वह जमानत पर छूट गया था। बाद में कलेक्टर ने आरोपित के खिलाफ रासुका का वारंट जारी किया, लेकिन वह पकड़ में नहीं आ रहा था। इंदौर थाने की पुलिस वारंट को तामिल नहीं करवा पाई। बाद में क्राइम ब्रांच को बुधवार को दया सिंह को पकड़ने में सफलता मिली।
सिख दंगे का जिक्र…
बता दें कि मिठाई की दुकान पर मिली चिट्ठी में सिख दंगे का जिक्र किया गया था। शख्स ने इसी के साथ कांग्रेस नेता कमलनाथ को भी मारने की धमकी दी थी। पत्र में कहा गया था कि सिख दंगों पर किसी भी पार्टी ने कोई आवाज नहीं उठाई।
चेन्नई को 32 रन से हराकर तालिका में शीर्ष पर पहुंची राजस्थान रॉयल्स