गन्ने के खेत में घुसा तेंदुआ, हुई घेराबंदी, तीन टीमें लगातार कर रही निगरानी

स्थानीय समाचार

राघवेंद्र मिश्रा
बाराबंकी
रामनगर थाना क्षेत्र में मंगलवार को शिकारियों के जाल में फंसने के बाद खुद को आजाद कर तेंदुआ गन्ने के खेतों में घुस गया। बुधवार को वन विभाग की टीम ने गन्ने के खेत को चारों ओर से घेरे रखा था। दो ओर से बाड़ लगा दी गई जबकि बाकी दोनों ओर वनकर्मी जमे रहे। वहीं पर पिंजरा लगा दिया गया है ताकि बकरी को खाने के चक्कर में तेंदुआ पिंजरे में फंस जाय। रामनगर थाना क्षेत्र में पिछले करीब चार महीने से विचरण कर रहा तेंदुआ मंगलवार को नंदऊपारा गांव के पास नहर पटरी पर शिकारियों द्वारा खरगोश आदि पकड़ने के लिए बिछाए गए जाल में फंस गया था। जाल में लगे लोहे के छल्ले में तेंदुए के फंसने के बाद भारी भीड़ लग गई थी। यह देख घबराया तेंदुआ एक युवक को जख्मी करते हुए पास के ही गन्ने के एक खेत में घुस गया था। छल्ले में पैर फंसने के कारण उसका एक पैर घायल हो गया है।
ग्रामीणों के अनुसार, बुधवार सुबह भी तेंदुआ गन्ने के खेत में देखा गया है। वह पैर में हुए जख्म को चाट रहा था। इसकी सूचना पाने के बाद रात में ठंडी पड़ी कॉम्बिंग को रोक कर वन विभाग ने गन्ने के खेत को चारों ओर से घेर लिया। दो ओर से लोहे की बाड़ लगा दी गई है जबकि दो तरफ कर्मचारी तैनात हैं। गन्ने के खेत के चारों ओर जाल लगाया गया है। पूरा दिन घेराबंदी के कारण तेंदुुआ खेत से बाहर नहीं निकला। अधिकारियों के अनुसार भूख लगने पर वह बकरी को खाने के चक्कर में पिंजरे में कैद हो सकता है।
तेंदुआ गन्ने के खेत में घुसा है। खेत को चारों ओर से घेर कर रखा गया हैं। ग्रामीणों को सतर्क कर दिया गया है। तीन टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं। तेंदुए के पैर में चोट लगी है। हमें इंतजार है कि तेंदुआ बकरी का शिकार करने पिंजरे के अंदर आए और कैद हो जाय।
-रुस्तम परवेज, डीएफओ