रसड़ा में 26 को जल-कलश यात्रा, 28 फरवरी को पंचमुखी हनुमत मूर्ति स्थापना।
रसड़ा (बलिया)। नगर के चंद्रशेखर आजाद नगर, वार्ड नं. 8 स्थित हनुमान नगर के नवनिर्मित मंदिर में 28 फरवरी (शनिवार) को शुभ मुहूर्त में श्री पंचमुखी हनुमान जी की मूर्ति स्थापना एवं प्राण-प्रतिष्ठा का भव्य आयोजन होगा। यह धार्मिक अनुष्ठान तीन दिवसीय पूजनोत्सव के रूप में आयोजित किया जाएगा।
कार्यक्रम के यज्ञाचार्य पं. राकेश शास्त्री के सानिध्य में तथा काशी के विद्वान ब्राह्मणों द्वारा वैदिक विधि-विधान से पूजन संपन्न कराया जाएगा। आयोजन की शुरुआत 26 फरवरी (गुरुवार) को प्रातः 9 बजे नगर में भव्य जल-कलश यात्रा एवं मूर्ति भ्रमण के साथ होगी।
मंदिर में श्री पंचमुखी हनुमान जी के साथ श्रीराम-लक्ष्मण-जानकी, मां दुर्गा, भगवान शिवलिंग-नंदी, श्री लक्ष्मीनारायण तथा राधा-कृष्ण के विग्रहों की भी स्थापना की जाएगी। 28 फरवरी को अपराह्न से विशाल भंडारे का आयोजन होगा, जिसमें नगर एवं क्षेत्र के श्रद्धालुओं को प्रसाद ग्रहण करने हेतु आमंत्रित किया गया है।
श्री पंचमुखी हनुमान सेवा समिति, रसड़ा के संयोजक सुरेश चन्द ने समस्त नगरवासियों व क्षेत्रीय भक्तों से इस पुण्य अवसर पर बढ़-चढ़कर सहभागिता करने की अपील की है। तीन दिवसीय इस धार्मिक आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल है।




