महिला टी20 विश्व कप के सेमीफाइनल में टीम इंडिया को शुक्रवार को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पांच रन से हार का सामना करना पड़ा। भारत की खराब फील्डिंग ने ऑस्ट्रेलिया को चार विकेट पर 172 रनों का चुनौतीपूर्ण स्कोर बनाने में मदद की। लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत एक समय पर 28 रन के स्कोर पर तीन विकेट गंवाकर संघर्ष कर रहा था, लेकिन हरमनप्रीत कौर (34 रन पर 52 रन) और जेमिमा रोड्रिग्स (24 रन पर 43 रन) ने बेहतरीन बल्लेबाजी कर भारत को मैच में वापस ला दिया। जेमिमा और हरमनप्रीत के बीच 41 गेंदों पर 69 रन की साझेदारी हुई। भारत को आखिरी 30 गेंदों में 39 रनों की जरूरत थी और पांच विकेट हाथ में थे। ऐसे में भारत के लिए जीत आसान लग रही थी। हालांकि, हमेशा की तरह टीम इंडिया अहम मौके पर मैच खत्म नहीं कर पाई और पांच रन से हार गई। भारतीय टीम आठ विकेट पर 167 रन ही बना पाई। 




