कोलकाता में जन्मदिन पार्टी के बहाने 20 वर्षीय युवती से सामूहिक दुष्कर्म, दोनों आरोपी फरार

CRIME

संवाददाता : आदित्या नारायण सिंह
कोलकाता । दक्षिण कोलकाता के रीजेंट पार्क इलाके में एक 20 वर्षीय युवती के साथ जन्मदिन मनाने के बहाने उसके दो परिचितों ने कथित रूप से सामूहिक दुष्कर्म किया। यह घटना शुक्रवार रात (5 सितंबर) की है। पुलिस के अनुसार पीड़िता हरिदेवपुर इलाके की निवासी है। जन्मदिन के मौके पर आरोपी चंदन मलिक और द्विप बिस्वास उसे पार्टी के नाम पर रीजेंट पार्क स्थित एक फ्लैट में ले गए। आरोप है कि वहां दोनों ने उसे भोजन कराया और जब वह लौटने लगी तो दरवाज़ा बंद कर उससे दुष्कर्म किया। पीड़िता को रातभर फ्लैट में बंधक बनाकर रखा गया। शनिवार सुबह करीब 10:30 बजे वह किसी तरह बाहर निकलने में सफल हुई और परिजनों को जानकारी दी। इसके बाद उसने हरिदेवपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने चंदन मलिक और द्विप बिस्वास के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। घटना के बाद से दोनों आरोपी फरार बताए जा रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक, चंदन खुद को दक्षिण कोलकाता की एक पूजा समिति का प्रमुख बताता था, जबकि द्विप सरकारी नौकरी करता है। जांच अधिकारियों ने बताया कि यह घटना सुनियोजित लग रही है। आरोपियों के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म, अवैध कैद और अन्य गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। दोष सिद्ध होने पर उन्हें आजीवन कारावास तक की सज़ा हो सकती है। इस घटना ने कोलकाता जैसे अपेक्षाकृत सुरक्षित माने जाने वाले शहर में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तलाशी अभियान शुरू कर दिया है।