होली में किया हुड़दंग तो जाएंगे जेल… पीस कमेटी की बैठक में थानाध्यक्ष ने दी सख्त चेतावनी

स्थानीय समाचार

दरियाबाद बाराबंकी: लोकतंत्र के महापर्व लोकसभा चुनाव 2024, रंगो का पर्व होली, रमज़ान और ईद के मद्देनजर क्षेत्र मे विधि व्यवस्था को बनाए रखने के लिए शुक्रवार को दरियाबाद थाना क्षेत्र के पुलिस चौकी अलियाबाद पर शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। दरियाबाद थानाध्यक्ष शैलेंद्र कुमार आजाद की अध्यक्षता में हुई बैठक में थानाध्यक्ष ने उपस्थित जनप्रतिनिधियों सम्भ्रान्त जनो से सहयोग की अपील की। थानाध्यक्ष ने कहा कि होली का पर्व आपसी भाईचारे का संदेश देता है, इससे लोगों को सीख लेनी चहिए। रंग गुलाल उड़ाते समय हुडदंग न मचाएं ताकि होली का पर्व सुखमय तरीके से संपन्न हो। उन्होंने कहा कि रमज़ान एवं होली त्यौहार एक साथ पड़ रहे है। आप सभी लोगो को जिम्मेदार नागरिक होने का परिचय देते हुए मिल जुल कर अपना अपना त्यौहार मनाना है। थानाध्यक्ष ने पुलिस का सहयोग करने की बात करते हुए कहा कि जहां पर पुलिस बल की जरूरत है वहां पुलिस बल की व्यवस्था की जाएगी। इसके साथ ही उन्होंने बताया कि होली के दिन शराब के नशे में हुडदंग मचाने व शांति व्यवस्था को भंग करने वालो पर पुलिस पैनी नजर रखेगी। कोई भी किसी पार्टी का झंडा लगाकर आदर्श चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन न करे।

अलियाबाद चौकी प्रभारी अवधेश कुमार ने कहा कि होली पर्व व लोकसभा चुनाव को लेकर पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है। जिन गांवों में होलिका दहन का स्थान चिह्नित है, वहां लोग उसी स्थान पर होलिका दहन करें। कहीं भी बवाल न हो इसके लिए पुलिस नजर रख रही है। उन्होंने कहा कि लाउडस्पीकर हाईकोर्ट सुप्रीम कोर्ट के मानकानुसार ही प्रयोग किया जायेगा तथा मोबाइल फोन पर आने वाले अपत्तिजनक मैसेज को फारवर्ड करने से बचे। चुनाव के समय अपने मतदान को गोपनीय ढंग से प्रयोग करे तथा मतदान करते समय वीडियो सेल्फी न ले।

बैठक में हे० कॉ० राम सिंह, राजकिशोर, राहुल, मार्कण्डेय, अजीत एवं ग्राम प्रधान अलियाबाद एहतिशामुल हक, ग्राम प्रधान रसूलपुर रामकेवल यादव, ग्राम प्रधान बडनपुर रुद्रप्रताप वर्मा, पूर्व प्रधान बेलहरी योगेंद्र वर्मा, बृजेश वर्मा, जियाउर्रहमान समेत क्षेत्रीय सभ्रांत लोग मौजूद रहे।

रिपोर्ट: राघवेन्द्र मिश्रा