मुहम्मदाबाद गोहना में भीषण सड़क हादसा, अनियंत्रित ब्रेजा कार खाई में पलटी, तीन गंभीर रूप से हुए घायल

CRIME

संवाददाता : मोनू भारती
मऊ जनपद के मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार देर शाम एक भीषण सड़क हादसा हो गया। कैलेंडर तिराहे के पास नाथ भारत गैस एजेंसी के समीप एक अनियंत्रित ब्रेजा कार पलटकर सड़क किनारे खाई में जा गिरी। इस दुर्घटना में कार सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों की पहचान केरमा ग्राम सभा निवासी अंश राय, गोलू यादव और नितेश के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि तीनों ब्रेजा कार से मुहम्मदाबाद गोहना से केरमा गांव की ओर जा रहे थे। शाम करीब 7 बजे जैसे ही उनकी कार कैलेंडर तिराहे के पास पहुंची, अचानक चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया, जिससे कार पलटते हुए खाई में जा गिरी। हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास मौजूद स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और 108 एंबुलेंस को सूचना दी। एंबुलेंस के पहुंचने पर घायलों को मुहम्मदाबाद गोहना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। दुर्घटना के बाद कुछ समय के लिए तिराहे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से कैलेंडर तिराहे पर सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम और दुर्घटनाओं को रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।