नेशनल यूथ पार्लियामेंट ऑफ द भारत के राज्य समन्वयक बने डॉ. आदित्य कुमार “अंशु”
बलिया। नेशनल यूथ पार्लियामेंट ऑफ द भारत के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललित नारायण आमेटा की संस्तुति पर बलिया जनपद के प्रख्यात साहित्यकार डॉ. आदित्य कुमार “अंशु” को उत्तर प्रदेश की राज्य इकाई में राज्य समन्वयक मनोनीत किया गया है। उनके इस चयन से जिले में हर्ष की लहर है।
ज्ञात हो कि नेशनल यूथ पार्लियामेंट भारत सरकार के संसदीय कार्य मंत्रालय द्वारा संचालित एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसका उद्देश्य युवाओं को संसदीय प्रक्रियाओं से परिचित कराना, नेतृत्व क्षमता विकसित करना, तथा राष्ट्रीय मुद्दों पर संवेदनशील और जागरूक बनाना है। यह कार्यक्रम छात्रों में संवाद कौशल, निर्णय लेने की क्षमता और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी को बढ़ावा देता है।
युवा संसद कार्यक्रम का आयोजन जिला, राज्य और राष्ट्रीय—तीनों स्तरों पर किया जाता है।
जिला स्तर पर देश के 300 से अधिक जिलों में इसका आयोजन होता है।
राज्य स्तर पर कार्यक्रम राज्य विधानसभाओं में आयोजित किए जाते हैं।
जबकि राष्ट्रीय स्तर का आयोजन संविधान सदन में होता है।
डॉ. आदित्य कुमार “अंशु” के राज्य समन्वयक नियुक्त होने पर बलिया के साहित्यकारों व बौद्धिक वर्ग ने खुशी जाहिर की है। साहित्यकारों ने उनके मनोनयन को जिले के लिए सम्मान बताया और संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष के प्रति आभार व्यक्त करते हुए डॉ. अंशु को शुभकामनाएँ दी हैं।
डॉ. अंशु की नियुक्ति को युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत माना जा रहा है, जिससे प्रदेश में युवा नेतृत्व को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।




