बाढ़ प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण करने पहुंचे डीएम और एसपी..राहत सामग्री वितरण का लिया जायजा, बनाई गई 15 बाढ़ चौकियां

स्थानीय समाचार

बाराबंकी: सरयू नदी का जलस्तर लगातार खतरे के निशान के ऊपर और नीचे हो रहा है। सरयू नदी का जलस्तर बढ़ने से इस समय जिले की दो रामनगर और सिरौलीगौसपुर तहसील क्षेत्र के लोग बाढ़ से प्रभावित हैं।बाढ़ प्रभावित लोगों को समुचित सुविधा मुहैया कराने को लेकर जिला प्रशासन मुस्तैद है। जिला प्रशासन ने बाढ़ प्रभावित लोगों की सहायता के लिए 15 बाढ़ चौकियां स्थापित की हैं। इस समय बाढ़ से कई गांव जलमग्न हैं, जिससे सैकड़ों परिवारों के पास खाने और रहने की समस्याएं हो गई हैं। जिला प्रशासन ने इन सभी लोगों को चौकियों पर ठहरने के साथ ही सभी सुविधाएं दी हुई हैं।

 

डीएम सत्येंद्र कुमार और पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार सिंह शनिवार की सुबह से ही बाढ़ प्रभावित क्षेत्र के दौरे पर रहे। इस दौरान उन्होंने बाढ़ प्रभावित लोगों के राहत और बचाव कार्य का जायजा लिया। डीएम ने बताया कि नेपाल देश में लगातार हो रही बारिश के चलते पिछले दो-तीन दिनों से सरयू नदी का जलस्तर खतरे के निशान के 20 सेंटीमीटर ऊपर था। हालांकि आज नदी का जलस्तर खतरे के निशान के नीचे आ गया है।

मेडिकल कैंप भी लगाए गए
नदी का जलस्तर बढ़ने से प्रमुख रूप से हमारे दो तहसील रामनगर और सिरौलीगौसपुर बाढ़ से प्रभावित हैं। डीएम ने बताया कि इस समय 15 मजरें हैं, जिनमें 500 से 550 परिवारों के घरों के पास पानी पहुंच गया था। इन परिवारों में से काफी लोग बंधे पर आ गए थे, जिन्हें सारी सुविधाएं मुहैया कराई जा रही हैं। कुछ परिवार अभी भी अपने घरों में रह रहे हैं उन सभी लोगों को घरों पर ही खाना और अन्य जरूरत की चीज पहुंचाई जा रही है। मेडिकल के साथ अन्य कैम्प लगाए गए हैं।