श्रद्धांलुओं ने शुरू की अयोध्या धाम के लिए साईकिल यात्रा

स्थानीय समाचार

रिपोर्ट- नीरज शुक्ला (रामनगर बाराबंकी)

 

तहसील क्षेत्र के ग्राम बुढ़वल निवासी सुभाँकर सिंह, छोटू शर्मा और रामनगर निवासी आदित्य राजपूत ने अयोध्या राम मंदिर के लिए साइकिल यात्रा शुरू की। यह यात्रा मंगलवार सुबह करीब 8 बजे रामनगर से प्रारंभ हुई। लगभग 105 किलोमीटर की यह साइकिल यात्रा धार्मिक आस्था, अनुशासन और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दे रही है।

 

यात्रा के दौरान रामनगर तहसील और आसपास के क्षेत्रों में लोगों ने जगह-जगह उनका का स्वागत किया। नागरिकों, युवाओं और श्रद्धालुओं ने पुष्पमालाएं पहनाकर और ‘जय श्री राम’ के नारे लगाकर उनका अभिनंदन किया। इस साइकिल यात्रा को लेकर लोगों में विशेष उत्साह देखा गया, जिसे उन्होंने आस्था और संकल्प का प्रतीक बताया।

 

श्रद्धालु यात्रियों ने बताया कि साइकिल से यात्रा करना स्वास्थ्य के लिए लाभकारी और पर्यावरण के अनुकूल है। उन्होंने कहा कि भगवान श्री राम के दर्शन के उद्देश्य से यह यात्रा करना उनके लिए गर्व और आनंद का विषय है। उनका मानना है कि यह यात्रा युवाओं को सकारात्मक दिशा में प्रेरित करेगी।

 

यात्रा के दौरान स्थानीय कार्यकर्ताओं द्वारा सुरक्षा और व्यवस्था में सहयोग किया जा रहा है। मार्ग में पड़ने वाले गांवों और कस्बों में श्रद्धालु पुष्प वर्षा कर और नारों के साथ यात्रियों का अभिनंदन कर रहे हैं। अयोध्या पहुंचने पर तीनों श्रद्धालु श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगे।

 

यह साइकिल यात्रा केवल धार्मिक आस्था से ही नहीं जुड़ी है, बल्कि समाज में स्वास्थ्य, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दे रही है। रामनगर से अयोध्या तक की यह यात्रा क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है।