संदिग्ध परिस्थितियों में लटका मिला किशोर का शव, पिता ने जताई हत्या की आशंका

स्थानीय समाचार

रिपोर्ट- नीरज शुक्ला (रामनगर बाराबंकी)

 

रामनगर बाराबंकी। बुधवार की शाम जानकी नगर इब्राहिमपुर गांव में उस समय हड़कंप मच गया जब एक 16 वर्षीय किशोर का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी के फंदे से लटका मिला।

प्राप्त जानकारी के अनुसार महादेवा पुलिस चौकी के अंतर्गत ग्राम जानकी नगर मजरे इब्राहिमपुर में आयुष सोनी पुत्र ब्रज किशोर सोनी (16) का शव संदिग्ध परिस्थितियों में लटका मिला। घटना की सूचना होते ही पूरे गांव में हड़कंप मच गया तथा आयुष को लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामनगर आए, जहां पर मौजूद डॉक्टर आशीष सिंह ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक के पिता ब्रज किशोर ने पड़ोस के ही कुछ लोगों पर हत्या का आरोप लगाते हुए कहा है कि नीरज, धीरज व लाल जी पुत्र गणेश शुक्ला आज के पहले भी कई बार बच्चे को जान से मारने की धमकियां दे चुके हैं और कई बार बच्चे को पीटा भी है।

ब्रज किशोर ने यह भी आरोप लगाया है कि आज मेरा बेटा घर पर अकेला था। मौके की नजाकत को देखते हुए इन्ही लोगों ने घर में घुसकर बच्चे को मार कर फांसी के फंदे से लटका दिया है।

घटना की सूचना होते ही मौके पर पहुंची रामनगर पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

पुलिस ने बताया कि प्रथम दृष्टया फांसी लगाने के कारण ही मौत हुई है। फिलहाल पुलिस हर पहलुओं पर जांच-पड़ताल कर रही है तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।