बाराबंकी: जिले के कोतवाली टिकैतनगर के पडरावा मजरे रहीमापुर बजरंग सिंह गांव में शुक्रवार को एक पिता और पुत्र के बीच विवाद को सुलझाने गई डायल 112 पुलिस पर आरोपियों ने हमला बोल दिया। इस हमले में दो पुलिसकर्मी घायल हो गए। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार को लगभग 1:00 बजे डायल 112 पुलिस ने पिता-पुत्र के बीच चल रहे विवाद को सुलझाने के लिए पडरावा मजरे रहीमापुर बजरंग सिंह गांव का दौरा किया। यहां पिता साखी शरण वर्मा ने पुलिस को मदद के लिए फोन किया था। पुलिस टीम जैसे ही गांव पहुंची, वहां मौजूद आरोपियों प्रदीप, रंजीत, और नान पुत्रगण साखी शरण वर्मा ने पुलिसकर्मियों से उलझना शुरू कर दिया। विवाद इस हद तक बढ़ा कि आरोपियों ने पुलिस कर्मियों पर हमला कर दिया।हमले में हेड कांस्टेबल रामानंद पांडे और कांस्टेबल हनी चौधरी घायल हो गए। दोनों पुलिसकर्मियों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र टिकैतनगर में उपचार के लिए भर्ती कराया गया। फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। पुलिस कर्मियों पर हमले के बाद कोतवाली टिकैतनगर में आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, आरोपियों ने हमला कर मौके से फरार हो गए हैं। इस मामले की जांच जारी है।
पुलिस बोली- आरोपियों की तलाश जारी
कोतवाली के प्रभारी रत्नेश कुमार पांडे ने बताया कि वह छुट्टी पर हैं, लेकिन सीयूजी नंबर पर पुलिसकर्मी राजेश कुमार ने बताया कि पिता-पुत्र के विवाद की सूचना पर डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची थी, लेकिन वहां आरोपियों ने पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया। फिलहाल आरोपियों की तलाश जारी है।