भाजपा ने किया शुरू हर घर तिरंगा अभियान…जीआईसी ऑडिटोरियम से निकाली गई बाइक तिरंगा यात्रा

स्थानीय समाचार

बाराबंकी: उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में भारतीय जनता युवा मोर्चा के नेतृत्व में बाइक तिरंगा यात्रा निकाली गई। जीआईसी ऑडिटोरियम से निकली यह बाइक तिरंगा यात्रा के द्वारा भाजपा ने हर घर तिरंगा अभियान चलाया। भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष कमलेश मिश्रा ने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज भारत के अतीत की गौरवमयी कहानी, वर्तमान की प्रतिबद्धता और भविष्य के सपनों का प्रतीक है। उन्होंने रविवार को भाजयुमो की बाइक तिरंगा यात्रा के समापन अवसर पर जीआईसी ऑडिटोरियम में भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि यह ध्वज देश की एकता, अखंडता और विविधता का प्रतीक है।

उन्होंने कहा कि तिरंगा 140 करोड़ देशवासियों की आन, बान और शान है। खादी से बने इस ध्वज को आत्मनिर्भरता का प्रतीक मानते हुए उन्होंने हर घर तिरंगा अभियान को सफल बनाने के लिए कार्यकर्ताओं से अपील की। उन्होंने सभी से आग्रह किया कि अधिक से अधिक लोगों को अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने के लिए प्रेरित करें।इसके पहले, उन्होंने भारतीय जनता युवा मोर्चा के नेतृत्व में निकाली गई बाइक तिरंगा यात्रा को जीआईसी ऑडिटोरियम से झंडी दिखाकर रवाना किया और स्वयं भी बाइक यात्रा का नेतृत्व किया। यह यात्रा नाका चौराहा, धनोखर चौराहा, लईया मंडी, छाया चौराहा, पुलिस लाइन, बस अड्डा होते हुए फिर से जीआईसी ऑडिटोरियम पर समाप्त हुई।

इस अवसर पर जिला अध्यक्ष अरविंद कुमार मौर्य ने क्षेत्रीय अध्यक्ष का अंगवस्त्र भेंट कर स्वागत किया। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष राजरानी रावत, पूर्व सांसद उपेन्द्र सिंह रावत, एमएलसी अंगद सिंह, हरगोविंद सिंह, शरद अवस्थी, संदीप गुप्ता, राम कुमारी मौर्य, विजय आनंद बाजपेई, रोहित सिंह, आशुतोष अवस्थी, रचना श्रीवास्तव, आकाश पांडेय, सर्वेश अवस्थी, शिव कुमार यादव, अंकित वैश्य, सूरज भान, सत्या पंडित, हरिकेश, जुगुल किशोर मौर्य, अनूप यादव, शशि गुप्ता और गुरदीप सिंह भी मौजूद रहे।