बिहार की हवा हुई खराब देश के टॉप 10 प्रदूषित शहरों में बिहार के तीन शहर हुए शामिल

HEALTH

पटना
संवाददाता : सुमित कुमार उर्फ बबलू सिह
बिहार में ठंड बढ़ने से बिहार का मौसम भी बदल रहा है। मौसम में बदलाव से वायु प्रदूषण भी बढ़ रहा है। राजधानी पटना सहित राज्य के कई जिलों में वायु प्रदूषण का स्तर काफी बढ़ गया है। बिहार की वायु गुणवत्ता शुक्रवार को मौसम के सबसे खराब स्तर पर पहुंच गई, क्योंकि राज्य के तीन शहरों सिवान, बेतिया और मोतिहारी में “गंभीर” वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) दर्ज किया गया, जो पूरे देश में सबसे खराब था। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के जारी आंकड़ों के मुताबिक, बिहार के मोतिहारी और सीवान में 418 और 412 पर ‘गंभीर’ एक्यूआई दर्ज किया गया। साथ ही पश्चिम चंपारण जिले का मुख्यालय शहर बेतिया में शाम 4 बजे एक्यूआई 395 दर्ज किया, वह भी शाम 5 बजे के बाद 403 के साथ ‘गंभीर’ श्रेणी में चला गया. ऐसे में मोतिहारी, सिवान और बेतिया देश भर के 177 शहरों में ‘गंभीर’ एक्यूआई वाले बिहार के एकमात्र शहर थे। सीपीसीबी के आंकड़ों के मुताबिक, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, बेगूसराय, सहरसा, छपरा, पूर्णिया और कटिहार सहित बिहार के कम से कम 10 शहरों में 310 से 390 के बीच ‘बहुत खराब’ एक्यूआई दर्ज किया गया। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने दावा किया था कि वायु प्रदूषण को लेकर उपाय किए जाएंगे पर वह नहीं दिखा रहा। राज्य के कई जिलों में वायु प्रदूषण हो गया है और लोग दूषित वायु सांस के रूप में लेने के लिए मजबूर हो रहे हैं। इस साल अप्रैल महीने से ही डीजल संचालित ऑटो को पूरी तरह से बंद कर दिया गया। उसके बाद वायु प्रदूषण का स्तर कम हुआ था। “इन दिनों एयर क्वालिटी इंडेक्स खराब होने के पीछे कई कारण है। बिहार की भौगोलिक संरचना ही ऐसी है कि जब गर्मी का मौसम समाप्त हो रहा होता है और ठंड का आगमन हो रहा होता है उस समय हवा में धूल कण की मात्रा बढ़ जाती है। यहां अधिकांश हिस्सों में सॉफ्ट स्वायल है जो आसानी से धूल कण बन जाते हैं, यह भी प्रदूषण को बढ़ाता है। शहरों में जो प्रदूषण का स्तर दिखता है वह ग्रामीण क्षेत्रों में हो रही गतिविधियों की वजह से होता है। इसके अलावा भी प्रदूषण का स्तर बढ़ने के कई कारण हैं ” – डॉ. अशोक कुमार घोष, अध्यक्ष, बिहार राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड।