उत्तराखंड:
संवाददाता – ईश्वर सिंह
खटीमा (उधम सिंह नगर): जनपद में वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत खटीमा कोतवाली पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने गंभीर धाराओं में वांछित चल रहे एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है। खटीमा कोतवाली के अंतर्गत चौकी बाजार में पंजीकृत मुकदमा अपराध संख्या 23/26 में धारा 3(5), 118(2), और 352 BNS के तहत वांछित चल रहे अभियुक्त निसार खान (पुत्र इसरार खान, उम्र 40 वर्ष) की पुलिस को लंबे समय से तलाश थी। अभियुक्त वार्ड नंबर 11, इस्लामनगर, खटीमा का निवासी है। प्रभारी निरीक्षक खटीमा के निर्देशन और चौकी बाजार प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए दिनांक 21 फरवरी 2026 को अभियुक्त को क्षेत्र से गिरफ्तार किया। पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए उसे रविवार, 22 फरवरी 2026 को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया। न्यायालय ने आरोपी की गंभीरता को देखते हुए उसे 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में हल्द्वानी कारागार भेजने के आदेश दिए हैं।
इस सफल कार्रवाई में मुख्य रूप से जीवन सिंह चुफाल और कांस्टेबल दीपक कुमार,कांस्टेबल मोहन बोरा शामिल रहे,
खटीमा पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र के अपराधियों में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस का कहना है कि वांछित अपराधियों के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।




