संवाददाता : मोनू भारती
मोहम्मदाबाद गोहना (मऊ)। महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा को लेकर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत मिशन शक्ति और उत्तर प्रदेश पुलिस की एंटी रोमियो टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 24 शोहदों को पकड़ लिया। यह कार्रवाई मुहम्मदाबाद गोहना थाना क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान के दौरान की गई, जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सघन चेकिंग अभियान के दौरान हुई कार्रवाई थाना मोहम्मदाबाद गोहना पुलिस एवं मिशन शक्ति टीम द्वारा क्षेत्र के सार्वजनिक स्थानों, बाजारों, स्कूल-कॉलेजों के आसपास तथा संवेदनशील इलाकों में विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान संदिग्ध रूप से घूम रहे और महिलाओं एवं छात्राओं को परेशान करने की आशंका में 24 युवकों को हिरासत में लेकर थाने लाया गया। पुलिस द्वारा सभी आरोपियों से गहन पूछताछ की गई। पूछताछ के बाद उनके विरुद्ध शांति भंग की आशंका के तहत बंध पत्र भरवाए गए तथा आवश्यक विधिक एवं कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
महिलाओं की सुरक्षा के लिए पुलिस का सख्त संदेश
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि महिलाओं की सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ या असामाजिक गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ऐसे तत्वों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाकर कठोर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने आम जनता से भी अपील की है कि यदि कहीं भी महिलाओं के साथ अभद्रता या छेड़छाड़ की घटना होती है तो तुरंत पुलिस को सूचना दें, जिससे समय रहते कार्रवाई की जा सके।
क्षेत्र में बढ़ा सुरक्षा का भरोसा
इस कार्रवाई से मऊ जनपद के मोहम्मदाबाद गोहना क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लोगों में विश्वास बढ़ा है। स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के अभियान से असामाजिक तत्वों में भय पैदा होगा और महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित होगी। पुलिस ने बताया कि यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और महिलाओं की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।




