बाराबंकी: शहरी क्षेत्रों में नागरिकों को आवागमन व जलनिकासी की बेहतर सुविधा मिल सके, इसके लिए नगर विकास विभाग ने दस इंटरलॉकिंग सड़कें बनवाने की मंजूरी दी है। 1.63 करोड़ से चार नगर पंचायतों में सड़कें बनेंगी। इसके लिए 81.99 लाख रुपये का बजट उपलब्ध कराया गया है। शासन ने इसी वित्तीय वर्ष में आवंटित धनराशि के सापेक्ष उपयोगिता प्रमाणपत्र प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है। मुख्यमंत्री नगरीय अल्प विकसित व मलिन बस्ती विकास योजना के तहत दस कार्यों को मंजूरी दी गई है।
लखनऊ : एक अप्रैल से महंगी हो जाएगी शराब-बीयर, 10 से 20 रुपये तक बढ़ेंगे दाम
इनमें नगर पालिका नवाबगंज में विकास भवन रोड वृंदावन नगर में 11.09 लाख, दीनदयाल नगर में 14.66 लाख, सुभाषनगर में 21.44 लाख, ओवरी में 34.47 लाख रुपये से इंटरलॉकिंग सड़कें बनाई जाएंगी। वहीं रामसनेहीघाट में भिटरिया में 28.80 लाख से चार सड़कों, नगर पंचायत बंकी के मोहल्ला जीतनगर में 41.50 लाख रुपये एवं बेलहरा के मोहारी में 11.87 लाख की लागत से इंटरलॉकिंग सड़क व नाली का निर्माण कराया जाएगा। इससे करीब एक लाख आबादी को आवागमन में सहूलियत होगी। इन कामों को करवाने की जिम्मेदारी जिला नगरीय विकास अभिकरण (डूडा) को दी गई है। साथ ही निर्देश दिए गए हैं कि तय समयावधि में गुणवत्तापरक ढंग से निर्माणकार्य कराया जाए। पीओ डूडा सौरभ त्रिपाठी ने बताया कि सूडा मुख्यालय से निर्देश प्राप्त होने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।




