तेज रफ्तार कार ने मारी ऑटो में टक्कर: ईद मिलने जा रहे 7 लोग घायल, दो ट्रामा सेंटर रेफर

स्थानीय समाचार

बाराबंकी: सुबेहा थाना क्षेत्र में सोमवार दोपहर एक बजे एक बड़ा हादसा हुआ। हैदरगढ़-सुबेहा मार्ग पर विशेनन पुरवा चौराहे के पास तेज रफ्तार डिजायर कार ने ऑटो रिक्शा में टक्कर मार दी।हादसे में ऑटो रिक्शा में सवार ड्राइवर सहित 7 यात्री और चालक घायल हो गए। सभी घायल कोतवाली हैदरगढ़ के कस्बा हैदरगढ़ घोसियाना वार्ड के रहने वाले हैं। वे ईद मिलने के लिए सुबेहा में अपने रिश्तेदार सईद टिन्नी के घर जा रहे थे।

घायलों में मोहम्मद अशफाक (पिता मोहम्मद उमर), मुन्ना (पिता मोहम्मद उमर), शहबाज (पिता मोहम्मद इस्लाक) और सोना (पिता महबूब) शामिल हैं। ऑटो चालक मनोज कुमार (पिता सुमिरन), जो खरसतिया का रहने वाला है, गंभीर रूप से घायल हुआ है।

स्थानीय लोगों की मदद से 108 एंबुलेंस को बुलाया गया। सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हैदरगढ़ में भर्ती कराया गया। दो घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया है। हादसे में दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।